नई दिल्ली/रफ्तार न्यूज। हाथरस भगदड़ के बाद भोले बाबा उर्फ सूरजपाल पहली बार कैमरे पर आया और अपनी बात रखी। बाबा ने कहा कि वो इस घटना से बहुत ज्यादा दुखी है। इस दुख की घड़ी में प्रभु लोगों को इससे उबरने की शक्ति दैं। बाबा ने कहा कि लोगों को प्रशासन पर विश्वास रखना चाहिये। किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा।
2 जुलाई को हुआ था हाथरस हादसा
बता दें कि हाथरस में 2 जुलाई को भोले बाबा के सत्संग में भगदड़ मचने से 121 लोगों की जान चली गई। वहीं कई लोग इस हादसे में घायल हो गए। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना पर पीएम मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी शोक व्यक्त किया। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जांच का आदेश दिया है।
मायावती ने की कार्रवाई की मांग
वहीं इस मामले में राजनीति भी तेज हो गई है। एक तरफ जहां समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। तो वहीं अब बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि राजनैतिक स्वार्थ के चक्कर में भोले बाबा पर कार्रवाई नहीं हो रही है। मायावती ने कहा कि भोले बाबा जैसे अनेकों और बाबाओं के अंधविश्वास और पाखंडवाद के बहकावे में आकर अपनी मुश्किलों को और नहीं बढ़ाएं। वहीं भगदड़ मामले में भोले बाबा जैसे जो भी दोषी हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
बाबा के पास 100 करोड़ से ज्यादा की है अचल संपत्ति
बाबा के पास उत्तर प्रदेश के कासगंज, मैनपुरी, आगरा, कानपुर और एमपी के ग्वालियर में बड़े आश्रम हैं। जिनकी कीमत 100 करोड़ से ज्यादा है। मैनपुरी के बछवां आश्रम की जमीन की कीमत ही 4 करोड़ के आसपास है। सूत्रों के मुताबिक एक सेवादार ने बाबा को इतनी कीमती जमीन दान में दी है। इसके अलावा आश्रम के सामने 50 बीघे जमीन को भी भोले बाबा ने लीज पर ले रखा है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




