नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । हरियाणा की महिलाओं के लिए आज 25 सितंबर का दिन बड़ा खास है। राज्य सरकार महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए ‘दीन दयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना’ की शुरुआत करने जा रही है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2100 की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में दी जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज पंचकूला से इस योजना का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एक विशेष मोबाइल ऐप भी लॉन्च करेंगे, जिसकी मदद से महिलाएं घर बैठे ही योजना के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकती हैं।
योजना को लेकर पहले ही जारी हो चुका नोटिफिकेशन
‘दीन दयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना’ को लेकर 28 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हरियाणा कैबिनेट बैठक हुई। जिसमें इस योजना को मंजूरी दी गई थी। उसी दिन यह तय किया गया कि योजना की औपचारिक शुरुआत 25 सितंबर को की जाएगी। कैबिनेट की मुहर के बाद सरकार की ओर से इस योजना से संबंधित आधिकारिक नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया था, जिसमें पात्रता, लाभ और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई थी।
योजना के लिए 5000 करोड़ रुपये का बजट
हरियाणा सरकार ने ‘दीन दयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना’ को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए 5000 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान पहले ही कर दिया है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, रजिस्ट्रेशन और पात्रता सत्यापन (वेरिफिकेशन) की प्रक्रिया पूरी होते ही लाभार्थी महिलाओं के खातों में पहली किस्त नवंबर से भेजी जा सकती है। सरकार की योजना है कि यह सहायता राशि नियमित रूप से हर महीने पात्र महिलाओं को समय पर मिले, ताकि वे आर्थिक रूप से अधिक आत्मनिर्भर बन सकें।
मोबाइल ऐप पर हर महीने क्लिक करनी होगी फोटो
योजना का लाभ पहले चरण में लगभग 21 लाख महिलाओं को मिलने की उम्मीद है। योजना में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सरकार ने मोबाइल ऐप में विशेष फीचर जोड़े हैं। हर पात्र महिला को हर महीने मोबाइल ऐप के जरिए अपनी एक लाइव फोटो क्लिक करनी होगी, जिसमें उन्हें पलकों को झपकाना और हल्की मुस्कान देना जरूरी होगा। यह फोटो दरअसल महिला की डिजिटल उपस्थिति (हाजिरी) का प्रमाण होगी, जिससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि लाभ सही महिला को ही दिया जा रहा है।
इन महिलाओं को नहीं मिलेगा योजना का लाभ
लाड़ो लक्ष्मी योजना के तहत हर महीने मिलने वाले 2100 रुपये की राशि उन महिलाओं को नहीं दी जाएगी, जो पहले से सरकार की नौ अलग-अलग सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ ले रही हैं। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि किसी महिला को वृद्धावस्था सम्मान पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, लाडली सामाजिक सुरक्षा योजना, कश्मीरी विस्थापित परिवारों के लिए पेंशन, बौना भत्ता, तेजाब पीड़िता को दी जाने वाली आर्थिक सहायता, अविवाहित महिलाओं को दी जाने वाली पेंशन या पद्म पुरस्कार विजेताओं के लिए शुरू की गई हरियाणा गौरव सम्मान योजना में से किसी एक योजना का लाभ मिल रहा है, तो वह लाड़ो लक्ष्मी योजना के पात्र नहीं मानी जाएगी।




