नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। गढ़मुक्तेश्वर में चल रहे पर्यटन विकास कार्यों को लेकर बीजेपी विधायक हरेंद्र तेवतिया गुरुवार को निरीक्षण के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कई जगहों पर काम की गुणवत्ता और व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। विधायक ने आरोप लगाया कि विकास कार्यों में लापरवाही बरती जा रही है और कई जगहों पर काम ठीक तरीके से नहीं किया गया है। इसी बात को लेकर उन्होंने मौके पर मौजूद सीएंडडीएस विभाग के प्रोजेक्ट मैनेजर को जमकर फटकार लगाई।
यहां कोई प्रोजेक्ट मैनेजर को पहचानता तक नहीं
निरीक्षण के दौरान विधायक हरेंद्र तेवतिया काफी नाराज नजर आए। उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर से सवाल करते हुए कहा कि आप यहां कभी आते भी हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि यहां के लोग प्रोजेक्ट मैनेजर की शक्ल तक नहीं पहचानते हैं, जिससे साफ है कि काम की निगरानी ठीक से नहीं हो रही है। विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर लापरवाही जारी रही तो वह उन्हें सस्पेंड कराने के लिए सरकार से शिकायत करेंगे।
जूता-चप्पल चलके जेल जाओगे…
गुस्से में विधायक ने प्रोजेक्ट मैनेजर को सख्त शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “जूता-चप्पल चलके जेल जाओगे… तो क्या फायदा! उन्होंने कहा कि यहां फव्वारा तो बना दिया गया है, लेकिन वह बेकार पड़ा है। इसके अलावा मल्टी स्टोरी बिल्डिंग का निर्माण भी ठीक तरीके से नहीं हो रहा है।
मल्टी लेवल पार्किंग और मूर्ति की दिशा पर भी उठाए सवाल
विधायक ने कहा कि बन रही मल्टी लेवल पार्किंग के बेसमेंट में ट्रैक्टर खड़े नहीं हो पाएंगे। साथ ही वहां पानी की निकासी का भी कोई सही इंतजाम नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि गंगा किनारे लगाई गई मूर्ति की दिशा भी सही नहीं है, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है।
ब्रजघाट पर किए गए निर्माण कार्यों पर भी नाराजगी
ब्रजघाट पर हुए जीर्णोद्धार कार्यों को लेकर भी विधायक ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यहां बैठने के लिए बनाई गई सीटों को गलत दिशा में लगाया गया है। इस वजह से अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को गंगा की तरफ पीठ करके बैठना पड़ेगा, जो परंपरा के अनुसार ठीक नहीं माना जाता।
टाइल्स लगाने से हादसे का खतरा
विधायक ने यह भी कहा कि ब्रजघाट पर पत्थर की जगह टाइल्स लगा दी गई हैं। उनका कहना है कि गंगा में स्नान करके बाहर आने वाले श्रद्धालु फिसल सकते हैं, जिससे दुर्घटना होने का खतरा बढ़ सकता है।
लसीएम योगी से शिकायत की चेतावनी
बीजेपी विधायक हरेंद्र तेवतिया ने कहा कि वह इन सभी मुद्दों को लेकर पर्यटन मंत्री के साथ-साथ योगी आदित्यनाथ के सामने भी मामला उठाएंगे। उन्होंने कहा कि गढ़मुक्तेश्वर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है, ऐसे में विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।




