नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कोलकाता के सरकारी आरजी कर अस्पताल में महिला डॉक्टर की रेप के बाद निर्मम हत्या को लेकर ममता सरकार की कड़ी आलोचना की है। राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में महिलाओं की असुरक्षा का कारण समाज नहीं, बल्कि यहां की वर्तमान सरकार (पश्चिम बंगाल सरकार) जिम्मेदार है। पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य की जनता को निराश किया है।
पश्चिम बंगाल सरकार इस मुद्दे पर असंवेदनशील हैं
राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने पश्चिम बंगाल के पुराने गौरव को वापस लाने की सलाह दी और कहा कि उस समय महिलाओं को एक सम्मानजनक स्थान प्राप्त था। आज के समय में महिलाएं पश्चिम बंगाल में गुंडों से डरती है। यह सब डर पश्चिम बंगाल की सरकार ने ही पैदा किया है। पश्चिम बंगाल सरकार इस मुद्दे पर असंवेदनशील हैं। साथ में ही पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने मृतक महिला डॉक्टर के परिजनों के बयान को लेकर कहा है कि वह मृतक डॉक्टर की मां की भावनाओं का सम्मान करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि कानून इस मामले में अपना काम करेगा।
भारत सरकार ने भी सभी डॉक्टरों की मांगों को मान लिया है
बता दें कि कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद हत्या ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। पूरे देश में इस घटना को लेकर काफी नाराजगी है। देशभर के रेजीडेंट डॉक्टर इस घटना को लेकर अपना विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं भारत सरकार ने भी सभी डॉक्टरों की मांगों को मान लिया है और डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए समिति का गठन करने और उसकी सलाह पर केंद्रीय प्रोटेक्शन एक्ट लाने का वादा किया है। सभी डॉक्टरों की यह एक जायज मांग भी है, क्योंकि जब लोगों की रक्षा करने वाले डॉक्टर ही सुरक्षित नहीं होंगे तो आम जनता कैसे सुरक्षित हो सकती है।





