नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। राजस्थान के झालावाड़ जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा दर्दनाक हादसा हुआ। मनोहरथाना ब्लॉक के पिपलोदी गांव में स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की छत अचानक गिर गई, जिससे वहां पढ़ रहे कई बच्चे उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद स्कूल की दीवार भी ढह गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। इस दुर्घटना में अब तक 10 बच्चों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य बच्चों के मलबे में दबे होने की आशंका है। घायल बच्चों को तुरंत मनोहर थाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CSC) में भर्ती कराया गया है।
60 बच्चों की क्लास में अचानक टूटी छत
प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, जिस वक्त छत गिरी, उस वक्त क्लासरूम में करीब 60 बच्चे मौजूद थे। माना जा रहा है कि कम से कम 25 बच्चे मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। राहत और बचाव कार्य तेज़ी से जारी है।
गांव में मचा कोहराम, परिजनों की भीड़ जुटी
घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। बच्चों के परिजन स्कूल की ओर दौड़ पड़े और स्कूल के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई है। पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं। अब तक मलबे से कई बच्चों को बाहर निकाला जा चुका है, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोटा रेफर किया जा सकता है।
प्रशासन करेगा जांच, जर्जर भवन पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोग और अभिभावक स्कूल भवन की हालत पर सवाल उठा रहे हैं। अभी यह साफ नहीं हुआ है कि छत गिरने की वजह पुरानी बिल्डिंग थी या रखरखाव में लापरवाही। प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि क्या सरकारी स्कूलों की इमारतें बच्चों के लिए सुरक्षित हैं? जरूरत है कि सभी पुराने स्कूल भवनों की तुरंत सुरक्षा जांच हो और ऐसे हादसों से पहले सतर्कता बरती जाए।
मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना पर दुख जताया है और इसकी जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने को कहा है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बच्चों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने कलेक्टर से बात कर इलाज और राहत कार्य में कोई भी कमी न होने देने के निर्देश दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही झालावाड़ के कलेक्टर और एसपी अमित कुमार बुडानिया मौके के लिए रवाना हो गए। प्रशासन की ओर से जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है।





