नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ के मौके पर तीन दिन के भव्य उत्सव का आयोजन शुरू हो गया है। यह कार्यक्रम 11 जनवरी से 13 जनवरी तक चलेगा। इस धार्मिक आयोजन के का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा किया जाएगा। सीएम योगी के साथ प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। सीएम योगी रामलला का अभिषेक करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में संगीत और कला क्षेत्र के तमाम लोग शामिल हो सकते हैं जो कर्यक्रम में संंगीत की छटा बिखेरेंगे।
आयोजन को भव्य बनाने की तैयारी में राम मंदिर ट्रस्ट
राम मंदिर ट्रस्ट आयोजन को सफल बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहता, लिहाजा मंदिर को प्रांगण को सजाने के लिए 50 क्विंटल फूलों का इस्तेमाल किया गया है। पूरे आयोध्या धाम में भव्य सजावट की गई है। गेट नंबर 1 को VIP गेट के तौर पर तैयार किया गया है। संगीत और कला जगत के लोगों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन दूरदर्शन पर लाइव प्रसारित किया जाएगा।
कैसी रहेगी कार्यक्रम की रूपरेखा
सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम की शुरूआत करेंगे। वे यज्ञशाला में हवन करेंगे। राम मंदिर की चाक चौबंद सुरक्षा के बीच श्रद्धालुओं को राम मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा जिससे वह उस कार्यक्रम का हिस्सा बन सकेंगे। राम मंदिर के मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास ने जानकारी देते हुए बताया कि सबसे पहले राम लला को नहलाया जाएगा। फिर उन्हें सोने की आभा वाले वस्त्र पहनाएं जाएंगे। इसके बाद उनका साज श्रंगार किया जाएगा। मुकुट पहनाकर फूल मालाओं को धारण कराया जाएगा। फिर उन्हें भोग के लिए बनाए जा रहे 56 भोग से उन्हें भोग लगाया जाएगा और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।




