नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भव्य महाकुंभ की तैयारियां जोरों पर हैं। 13 जनवरी से लेकर 26 फरवरी तक चलने वाले इस महाकुंभ को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए बड़े स्तर पर रणनीति बनाई गई है। महाकुंभ को लेकर लोगों के मन में बड़ा सवाल रहता है कि यदि उनके साथ का कोई शख्स या फिर उनका कोई सामान गुम हो जाता है तो वापस कैसे मिलेगा? इस सवाल का जवाब आपको इस खबर में मिल जाएगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस बार सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य महाकुंभ का दृष्टिकोण रखे हैं। इस योजना को साकार करने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस ने सुरक्षा और सुविधा की विशेष इंतजाम कर लिए हैं।
55 इंच की LED स्क्रीन पर दिखेगी डिटेल
उत्तर प्रदेश पुलिस ने महाकुंभ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए मेला क्षेत्र में दस अत्याधुनिक डिजिटल ‘खोया-पाया केंद्र’ बनाए हैं। सभी केंद्रों पर 55 इंच की LED स्क्रीन लगाई गई हैं। इन्हें लाउडस्पीकर से जोड़ा गया है। इन स्क्रीन पर खोया-पाया सामान और व्यक्तियों के बारे में जानकारी दी जाएगी। इन केंद्रों पर महाकुंभ से संबंधित घाटों और मार्गों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
सोशल मीडिया पर भी मिलेगी जानकारी
इन सभी खोया-पाया केंद्रों को कम्यूनिकेशन नेटवर्क से भी जोड़ा गया है। लापता व्यक्तियों और खोई हुई वस्तुओं जानकारी फेसबुक, ट्विटर और व्हाट्सएप पर भी शेयर की जाएंगी। इसके अलावा महाकुंभ में आने वाले तीर्थयात्रियों की मदद के लिए पूरे मेला क्षेत्र में पूछताछ केंद्र स्थापित किए गए हैं।
पूछताछ केंद्रों पर मिलेंगी ये सुविधाएं
तीर्थयात्रियों की मदद के लिए पूछताछ केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। जिनमें मेला क्षेत्र से संबंधित सभी जरूरी जानकारी दी जाएगी। यहां पुलिस स्टेशन, चौकी, फायर ब्रिगेड केंद्र, अस्पताल और प्रमुख प्रशासनिक कार्यालय, बस और रेलवे स्टेशनों की वर्तमान स्थिति, साथ ही ट्रेन कार्यक्रम और मार्ग के बारे में भी जानकारी मिलेगी। श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए होटल और धर्मशालाओं की सूची और दरें, स्वयंसेवी संस्थाओं की जानकारी भी दी जाएगी।





