नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी हारने के बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हुई हर छोटी-बड़ी घटना की चर्चा हो रही है। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया यात्रा से जुड़ा एक नया मामला सामने आया है। खबर है कि ऑस्ट्रेलिया टूर के दौरान क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और बोलिंग कोच मोर्ने मोर्केल के बीच कहासुनी हो गई थी। खबर है कि BCCI इस घटना की जांच कर रहा है।
मोर्केल पूरे दौरे के दौरान चुप और थोड़े अलग-थलग रहे
मीडिया में आई एक रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया दौरे पर तनाव तब बढ़ गया जब गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल एक निजी मीटिंग के चलते ट्रेनिंग सेशन में देर से पहुंचे। जिस पर मुख्य कोच गौतम गंभीर ने उन्हें मैदान पर ही फटकार लगाई थी। इसके बाद मोर्केल पूरे दौरे के दौरान चुप और थोड़े अलग-थलग रहे।
कोच अभिषेक नायर की भूमिका पर उठे सवाल
रिपोर्ट के मुताबिक BCCI इस घटना के बाद कोच स्टाफ के प्रदर्शन की समीक्षा कर रहा है। बोर्ड वरिष्ठ खिलाड़ियों से पूछ रहा है कि कोचिंग स्टाफ टीम की सफलता में कितना योगदान देता है। खासकर बल्लेबाजी कोच अभिषेक नायर को लेकर सवाल उठ रहे हैं। दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने भी नायर की भूमिका पर सवाल उठाए थे। साथ ही सहायक कोच रयान टेन डोएशेट की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। उनके पास अंतरराष्ट्रीय अनुभव का अभाव है और टीम के प्रदर्शन में उनके योगदान को लेकर चिंताएं व्यक्त की गई हैं। बीसीसीआई अब सहयोगी स्टाफ की अनुबंध अवधि को दो से तीन वर्ष तक सीमित करने पर विचार कर रहा है।





