नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा इन दिनों सड़को पर उतर कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। फुल एक्शन में नजर आ रहे प्रवेश वर्मा ने बीते दिन एक एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को सस्पेंड किया था। आज भी ऐसा ही कुछ मामला सामने आया है। PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने एक और एग्जीक्यूटिव इंजीनियर का ट्रांसफर कर दिया है। प्रवेश वर्मा ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी अधिकारी काम नहीं करेगा उसपर कार्यवाई होगी। इससे पहले दिल्ली विधानसभा के स्पीकर भी नाराजगी जताते हुए दिल्ली के मुख्य सचिव को चिट्टी लिख चुके हैं।
‘पूरी दिल्ली को सस्पेंड करना पड़ेगा’
दिल्ली सरकार में PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि एक एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ने शराब पी रखी थी, उसके मुंह से बदबू आ रही थी। जिसकी वजह से उसे सस्पेंड करना पड़ा। अगर ऐसे ही अधिकारियों को सस्पेंड किया जाता रहा तो पूरी दिल्ली को सस्पेंड करना पड़ेगा। अधिकारी गलियों में उतरें और अपने पैरों को गंदा करें। जनता को हो रही परेशानियों का 10 दिन के अंदर समाधान करें वरना सस्पेंशन का अगला नंबर आपका हो सकता है। प्रवेश वर्मा यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि 10 साल में अधिकारियों की खाल मोटी हो गई है। खुद जमीन पर उतरें और पसीना बहाएं। पसीना बहेगा तो चर्बी घटेगी।
स्पीकर विजेंद्र गुप्ता भी जता चुके हैं नाराजगी
दिल्ली विधानसभा के स्पीकर विजेंद्र गुप्ता भी अधिकारियों की उदासीनता को लेकर नाराजगी जता चुके हैं। हाल ही में उन्होंने दिल्ली के मुख्य सचिव धर्मेंद को चिट्टी लिखी थी जिसमें कहा गया था कि दिल्ली के अधिकारी विधायकों का न तो फोन उठा रहे हैं औऱ न ही उनके मैसेज, चिट्टी का जवाब दे रहे हैं। अधिकारी दिल्ली के विकास के लिए सजगता से काम करें। अगर ऐसा नहींं किया गया तो परिणाम भुगतने होंगे।




