नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने घटना पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि “धमाके के जिम्मेदार लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
“पीड़ित परिवारों के साथ हूं, दोषियों को सजा तय है”
रक्षा मंत्री ने धमाके में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा “दिल्ली में हुई दुखद घटना में मारे गए सभी लोगों के परिवारों के प्रति मैं अपनी हार्दिक संवेदना प्रकट करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति और धैर्य मिले। राजनाथ सिंह ने देशवासियों को भरोसा दिलाया कि सुरक्षा एजेंसियां घटना की त्वरित और गहन जांच कर रही हैं। जांच की जानकारी जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी। जो लोग इस घटना के लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें कानून के कठघरे में लाया जाएगा और कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।
सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर, अमित शाह ने की समीक्षा बैठक
धमाके के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने देश की प्रमुख जांच एजेंसियों और सुरक्षा अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की है। बैठक में घटना की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट और संभावित आतंकी लिंक पर चर्चा की गई। सूत्रों के मुताबिक, एनएसजी, एनआईए और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल मिलकर जांच कर रही हैं।
फरीदाबाद में विस्फोटक बरामदगी के बाद हुआ धमाका
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यह धमाका फरीदाबाद में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद होने के कुछ घंटे बाद हुआ। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस घटना को घबराहट में अंजाम दिया गया, ताकि जांच का फोकस बदल सके। खुफिया सूत्रों ने बताया कि हाल ही में लश्कर-ए-तैयबा भारत में बड़े पैमाने पर आतंकी हमलों की साजिश रच रहा था। लश्कर के एक कमांडर सैफ के वीडियो में कहा गया है कि “हाफिज सईद खाली नहीं बैठा है” और संगठन बांग्लादेश के रास्ते भारत में घुसपैठ की तैयारी कर रहा है।




