नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। देश के 6 राज्यों और 1 केंद्र शासित प्रदेश की कुल 8 विधानसभा सीटों पर आज मंगलवार को उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। वहीं, बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण की वोटिंग भी आज जारी है। चुनाव आयोग ने सभी इलाकों में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की है।
किन-किन राज्यों में हो रहे उपचुनाव?
आज जिन सीटों पर मतदान हो रहा है, वे हैं जम्मू-कश्मीर: बडगाम और नगरोटा राजस्थान: अंता, झारखंड: घाटशिला, तेलंगाना: जुबली हिल्स, पंजाब: तरनतारन, मिजोरम: डम्पा, ओडिशा: नुआपाड़ा इन सभी सीटों के नतीजे 14 नवंबर को बिहार चुनाव परिणामों के साथ घोषित किए जाएंगे। जम्मू-कश्मीर की दोनों सीटों पर मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है। नगरोटा में भाजपा (BJP) और नेशनल कॉन्फ्रेंस (JKNC) के बीच सीधी टक्कर है, जबकि बडगाम में मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है — NC, PDP और पीपुल्स अलायंस फॉर चेंज (PAC) के बीच। बडगाम में कई स्थानीय मुद्दे और गठबंधनों की रणनीतियां इस उपचुनाव को खास बना रही हैं।
झारखंड और तेलंगाना में सीटें खाली क्यों हुईं
झारखंड की घाटशिला सीट झामुमो (JMM) के नेता और राज्य के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन के बाद खाली हुई थी। तेलंगाना की जुबली हिल्स सीट पर विधायक मगंती गोपीनाथ के निधन के चलते उपचुनाव हो रहा है। तेलंगाना में आज सुबह हैदराबाद के शेखपेट स्थित किड्ज़ी प्रीस्कूल मतदान केंद्र पर मॉक पोलिंग के बाद मतदान शुरू हुआ।
बिहार में दूसरे चरण की वोटिंग
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान जारी है। इस चरण में पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, तारकिशोर प्रसाद, और कांग्रेस नेता अजीत शर्मा जैसे दिग्गज उम्मीदवार मैदान में हैं। बिहार में चुनावी माहौल चरम पर है और मतदाता सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारों में नजर आ रहे हैं।
पीएम मोदी की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में जनता से अपील की बिहार विधानसभा चुनावों में आज दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और मतदान का नया रिकॉर्ड बनाएं। पहली बार वोट देने जा रहे नौजवान साथियों से विशेष आग्रह है कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।





