नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। CRPF के जवान मुनीर खान इस समय बड़ी मुश्किल में हैं। उन्होंने पाकिस्तान की महिला मिनल खान से बिना विभागीय अनुमति के शादी कर ली थी। अब इस मामले में उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू होने जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, मुनीर खान ने मिनल खान से वीडियो कॉल पर 24 मई 2024 को निकाह किया था। इससे पहले उन्होंने विभाग से अनुमति तो मांगी थी, लेकिन मंजूरी मिलने से पहले ही शादी कर ली। इस शादी को नियमों के खिलाफ माना जा रहा है।
पत्नी का वीजा खत्म, फिर भी भारत में रह रही है
मिनल खान टूरिस्ट वीजा पर भारत आई थीं, जो 22 मार्च 2025 तक वैध था। लेकिन वीजा खत्म होने के बाद भी वो भारत में रहीं। मुनीर खान ने इस बात की जानकारी किसी को नहीं दी, जिससे उन पर नियमों को तोड़ने का आरोप है।
CRPF ने माना नियमों का उल्लंघन
CRPF का कहना है कि जवान ने सिविल सर्विस कंडक्ट रूल्स 1964 के नियम 21(3) का उल्लंघन किया है। बिना अनुमति विदेशी नागरिक से शादी करना एक गंभीर मामला माना जाता है, खासकर जब बात पाकिस्तान की हो।
पहलगाम हमले के बाद सरकार सख्त
22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने सख्ती दिखाई और सभी पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने के निर्देश दिए। इसी कड़ी में मिनल खान को भी वाघा बॉर्डर से डिपोर्ट करने की तैयारी की गई थी। हालांकि, जम्मू-कश्मीर हाई कोर्ट ने मिनल खान को डिपोर्ट करने से 10 दिन की राहत दी है। अब देखना होगा कि इस दौरान कानूनी लड़ाई में कौन सी दिशा मिलती है।




