नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । नए साल की शुरुआत के साथ ही उत्तर भारत में सर्दी ने अपना असर और तेज कर दिया है। दिल्ली-NCR से लेकर पहाड़ी इलाकों तक ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। कई राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया है, वहीं सुबह और रात के समय घना कोहरा जनजीवन को प्रभावित कर रहा है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने आने वाले दिन के लिए कई इलाकों में कोहरे और शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। ऐसे में आइए जानते हैं कि कल देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है।
दिल्ली में सर्दी का असर तेज
दिल्ली-एनसीआर में सर्द हवाओं के चलते ठिठुरन बढ़ती जा रही है। राजधानी में दिन की शुरुआत घने कोहरे के साथ हो रही है, जबकि दोपहर के बाद हल्की धूप दिखाई देती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 9 जनवरी को आसमान साफ रहने की उम्मीद है। दिन में धूप से थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन कम तापमान की वजह से ठंड का असर पूरे दिन महसूस किया जाएगा और लोगों को ठंड से राहत नहीं मिलेगी।
यूपी में कोहरे और शीतलहर से बढ़ी मुश्किलें
उत्तर प्रदेश में सर्दी का प्रकोप धीरे-धीरे तेज होता जा रहा है। पूर्वी यूपी के कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल रहा है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में पारा और नीचे जा सकता है। इसी को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। दूसरी ओर, यूपी से सटे बिहार में भी ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक राज्य में शीतलहर जैसी परिस्थितियां बनी रह सकती हैं। गिरते तापमान और ठंडी तेज हवाओं की वजह से लोगों को सुबह और रात के समय ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राजस्थान में शीतलहर का अलर्ट
राजस्थान में सर्दी का असर लगातार गहराता जा रहा है। कई इलाकों में सुबह के समय घने से बेहद घना कोहरा देखने को मिल रहा है, जिससे ठंड और ज्यादा महसूस की जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दो से तीन दिनों में प्रदेश में सर्दी और बढ़ेगी। खासकर उत्तरी और पश्चिमी राजस्थान में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा और शीतलहर चलने का अनुमान है।
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में घना कोहरा
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। नैनीताल जिले के मैदानी क्षेत्रों में गुरुवार सुबह इस सर्दी का सबसे घना कोहरा दर्ज किया गया। हल्द्वानी, कालाढुंगी, रामनगर समेत आसपास के इलाकों में सुबह होते ही दृश्यता काफी कम हो गई। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और वातावरण में बढ़ी नमी के कारण आने वाले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
कश्मीर घाटी में ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड
कश्मीर घाटी में सर्दी ने अपना सबसे तीखा रूप दिखाना शुरू कर दिया है। तापमान में तेज गिरावट के चलते श्रीनगर समेत कई इलाकों में इस सीजन की सबसे ठंडी रातें दर्ज की गई हैं। मौसम विभाग का कहना है कि 10 जनवरी तक रात के तापमान में और कमी आ सकती है। वहीं 20 जनवरी तक घाटी में बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना है, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है।




