नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को संगठन में बड़ी भूमिका देते हुए उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया है। यह पद बीएसपी में राष्ट्रीय अध्यक्ष के बाद दूसरा सबसे अहम पद माना जाता है, जिससे साफ है कि अब आकाश आनंद पार्टी में दूसरे नंबर के सबसे प्रभावशाली नेता बन गए हैं। अब तक आकाश राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर की भूमिका में थे, लेकिन नए प्रमोशन के साथ उन्हें सभी सेक्टर, केंद्रीय और राज्य स्तर के कोऑर्डिनेटरों और प्रदेश अध्यक्षों के काम की समीक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। वे सीधे मायावती को रिपोर्ट करेंगे। इस बदलाव के साथ बीएसपी संगठनात्मक रूप से एक नए दौर की ओर बढ़ती दिख रही है।
BSP में संगठनात्मक फेरबदल
बीएसपी में संगठन को मजबूत करने के लिए चार राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटरों की जगह छह नए राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर बनाए गए हैं। इन नए कोऑर्डिनेटरों में रामजी गौतम, राजाराम, रणधीर सिंह बेनीवाल, लालजी मेधांकर, अतर सिंह राव और धर्मवीर सिंह अशोक शामिल हैं, जो सभी आकाश आनंद को सीधे रिपोर्ट करेंगे। संगठन में सहायक जिम्मेदारियां भी बांटी गई हैं, जहां राजाराम के साथ मोहित आनंद, अतर सिंह राव के साथ सुरेश आर्या और धर्मवीर अशोक के साथ दयाचंद को जोड़ा गया है। वहीं, रामजी गौतम को दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार का प्रभारी बनाया गया है।
विश्वनाथ पाल फिर बने यूपी के प्रदेश अध्यक्ष
मायावती ने संगठन को मजबूत करने के लिए बड़े फेरबदल किए हैं। उन्होंने विश्वनाथ पाल को फिर से उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके अलावा, राजेश तंवर को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष, रमाकांत पिप्पल को मध्य प्रदेश अध्यक्ष और श्याम टंडन को छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। बिहार के नए प्रदेश अध्यक्ष बने शंकर महतो जबकि महाराष्ट्र का प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुनील डोंगरे को नियुक्त किया गया है।
बीएसपी में नए प्रदेश अध्यक्षों की सूची जारी
बीएसपी ने कई राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की है। कर्नाटक के लिए एम. कृष्णा मूर्ति, तमिलनाडु में पी. आनंद, केरल में ज्वाय आर. थामस, हरियाणा में कृष्ण जमारपुर, पंजाब में अवतार सिंह करीपुरी, राजस्थान में प्रेम बारुपाल, झारखंड में शिव पूजन मेहता, पश्चिम बंगाल में मनोज हवलदार, ओडिशा में सरोज कुमार नायक, आंध्र प्रदेश में बंदेला गौतम, तेलंगाना में इब्राम शेखर, गुजरात में भगूभाई परमार, हिमाचल प्रदेश में विक्रम सिंह नायर, जम्मू कश्मीर में दर्शन राणा, चंडीगढ़ में बृजपाल और उत्तराखंड में अमरजीत सिंह को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
आकाश आनंद को मायावती ने निकाला था पार्टी से बाहर
गौरतलब है कि बीते मार्च में मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी से निकाल दिया था और नेशनल कोऑर्डिनेटर समेत सभी पदों से हटा दिया था। उनका यह कदम इसलिए था क्योंकि आकाश आनंद अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव में थे, जो पार्टी हित के खिलाफ माना गया। मायावती ने तब कहा था कि आकाश को इस फैसले का पछतावा कर अपनी परिपक्वता साबित करनी चाहिए। हालांकि, अप्रैल में मायावती ने आकाश आनंद पर फिर भरोसा जताते हुए उन्हें पार्टी का मुख्य नेशनल कोऑर्डिनेटर पुनः नियुक्त किया। इसके बाद मई में आकाश को पार्टी में एक बार फिर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई।





