नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । हाई-प्रोफाइल गोल्ड स्मगलिंग केस में गिरफ्तार कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव को लेकर कर्नाटक के भाजपा विधायक बसंगौड़ा पाटिल यतनाल ने अभद्र टिप्पणी की। भाजपा विधायक ने यह भी दावा किया कि इस मामले में राज्य के मंत्री भी शामिल हैं और कहा कि वह विधानसभा सत्र में उनका नाम बताएंगे।
बीजापुर सिटी के विधायक बसंगौड़ा पाटिल यतनाल ने सोने की तस्करी के मामले में गिरफ्तार कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव को लेकर अभद्र टिप्पणी की है। विधायक यतनाल ने कहा, ‘उसने अपने पूरे शरीर में सोना लपेट रखा था, जहां भी हो सके… वहां छिपा दिया था।’ यतनाल ने यह भी दावा किया कि इस केस में राज्य के मंत्री भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वे विधानसभा सत्र में उनका नाम का खुलासा करेंगे।
मंत्रियों को बेनकाब करने का किया वादा
विधायक यतनाल ने कहा “मैं विधानसभा सत्र के दौरान इस मामले में शामिल सभी मंत्रियों के नाम बताऊंगा। मैंने उसके रिश्तों, उसे सुरक्षा दिलाने में किसने मदद की और सोना कैसे लाया गया, इस बारे में पूरी जानकारी जुटाई है। मैं सत्र में सब कुछ उजागर करूंगा, जिसमें यह भी शामिल है कि उसने सोना कहां छिपाया और कैसे तस्करी की।”
कोई मंत्री शामिल नहीं है, हमें कुछ नहीं पता- शिवकुमार
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने पहले मंत्री की संलिप्तता के दावों को खारिज करते हुए इसे “राजनीतिक गपशप” बताया था। उन्होंने कहा कि मामले को केंद्रीय एजेंसियां संभाल रही हैं और राज्य सरकार जांच में शामिल नहीं है। शिवकुमार ने कहा, “कोई मंत्री शामिल नहीं है, हमें कुछ नहीं पता। यह सब राजनीतिक गपशप है। जांच अधिकारी कानून के मुताबिक आगे बढ़ेंगे। हमारा इससे कोई लेना-देना नहीं है।”
सोना तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कन्नड़ अभिनेत्री
रान्या राव को 4 मार्च, 2025 को भारत में 12 करोड़ रुपये मूल्य के 14.8 किलोग्राम सोने की तस्करी करने की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उन्हें दुबई से लौटते समय बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पकड़ा गया था। अभिनेत्री को जमानत भी नहीं दी गई थी। रान्या ने दावा किया है कि डीआरआई अधिकारियों ने उसे कई बार थप्पड़ मारे, उसे खाना नहीं दिया और उससे खाली दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए। डीआरआई के अतिरिक्त महानिदेशक को लिखे पत्र में रान्या ने कहा कि वह निर्दोष है और उसे गलत तरीके से मामले में फंसाया गया है।
कमर की बेल्ट में छिपाया सोना
राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने बताया कि एक विशेष कमर की बेल्ट में सोना छिपाया। बेंगलुरु में उसके घर की तलाशी लेने पर उन्हें 2.06 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण और 2.67 करोड़ रुपये नकद भी मिले। कुल मिलाकर, अधिकारियों ने 17.29 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की।
दुबई की कथित तस्करी यात्राएं
जांच से पता चला है कि रान्या राव, जो एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की सौतेली बेटी है। उसने पिछले साल दुबई की लगभग 30 यात्राएं की थीं। ऐसा माना जाता है कि उसने प्रत्येक यात्रा में बड़ी मात्रा में सोने की तस्करी की। कथित तौर पर उसने तस्करी किए गए प्रत्येक किलोग्राम सोने के लिए 1 लाख रुपये कमाए, यानी प्रति यात्रा लगभग 12-13 लाख रुपये। पूछताछ के दौरान, रान्या राव ने कहा कि उसे अज्ञात नंबरों से कॉल आए थे, जिसमें उसे दुबई एयरपोर्ट पर किसी से मिलने के लिए कहा गया था। उसने दावा किया कि उसने YouTube वीडियो देखकर सोना छिपाने का तरीका सीखा।
सौतेले पिता की कथित संलिप्तता
जांच में यह भी पाया गया कि रान्या के सौतेले पिता रामचंद्र राव, जो पुलिस महानिदेशक (DGP) हैं, उन्होंने एक कांस्टेबल से बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उसकी मदद करने के लिए कहा था। यह सहायता उसे उसकी यात्रा के दौरान दी गई थी। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मामले के सिलसिले में कर्नाटक में छापेमारी शुरू कर दी है। उनका मानना है कि इसमें अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी नेटवर्क शामिल है।
शादी के कनेक्शन की जांच कर रही CBI
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) भी रान्या की हाल ही में हुई शादी के फुटेज की जांच कर रही है। वे तस्करी गिरोह से संभावित संबंधों का पता लगाने के लिए मेहमानों की सूची और उसे मिले महंगे उपहारों की जांच कर रहे हैं।




