नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी नेता बबीता फोगाट ने पार्टी के चुनाव प्रचार को लेकर अपनी जिम्मेदारी संभाली हुई है। बता दें कि बबीता फोगाट कांग्रेस नेता विनेश फोगाट की चचेरी बहन हैं। कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर विनेश फोगाट को जुलाना विधानसभा सीट से पार्टी का टिकट दिया है।
अपकी बार कांग्रेस का हाथ बीजेपी पर एक थप्पड़ की तरह होगा
बबीता फोगाट ने विनेश फोगाट के द्वारा भाजपा पर टिप्पणी करने को लेकर कड़ा जवाब दिया है। दरअसल विनेश फोगाट ने कुछ दिन पहले कांग्रेस के चुनाव निशान हाथ को लेकर बीजेपी पर टिप्पणी की थी। विनेश फोगाट ने कहा था कि अपकी बार कांग्रेस का हाथ बीजेपी पर एक थप्पड़ की तरह होगा। भाजपा को 5 अक्टूबर को इसका कड़ा जवाब मिल जाएगा।
इस तरह के शब्दों का चयन करने से पहले जरूर सोचना चाहिए
भाजपा नेता बबीता फोगाट ने कांग्रेस नेता विनेश फोगाट की टिप्पणी को छोटी सोच वाला बताया है। साथ में ही विनेश फोगाट को सलाह दी है कि उन्हें इस तरह के शब्दों का चयन करने से पहले जरूर सोचना चाहिए। बबीता फोगाट ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि हमें हमेशा अपने शब्दों पर विचार जरूर करना चाहिए। सोच समझकर ही अपनी बात करनी चाहिए।
विनेश को जबरदस्ती राजनीति में धकेल दिया गया है
जानकारी के लिए बता दें कि विनेश फोगाट के चुनाव लड़ने को लेकर कुश्ती के कोच रह चुके द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित महावीर सिंह फोगाट ने भी अपनी नाराजगी व्यक्त की थी। बता दें कि महावीर सिंह फोगाट विनेश फोगाट के चाचा हैं, उन्होंने कहा था किकांग्रेस ने ही विनेश फोगाट को राजनीति में लाने के लिए बहकाया है। महावीर सिंह फोगाट ने विनेश फोगाट को राजनीति में बहकाकर लाने के लिए हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा और उनके पुत्र दीपेंद्र हुड्डा पर आरोप लगाए। महावीर सिंह फोगाट ने कहा कि विनेश से सबको आशा थी कि वह अगले ओलंपिक में देश के लिए मेडल लाती। लेकिन विनेश को जबरदस्ती राजनीति में धकेल दिया गया है।





