नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में महिलाओं द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का दुरुप्रयोग करने के मामले सामने आये हैं। सबसे हैरान करने वाली घटना इस जिले से यह है कि एक महिला के बैंक खाते में जैसे ही प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किश्त आती है, तो वह सारा पैसा निकाल कर अपने पति और बच्चों को छोड़कर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई।
महराजगंज जिले के डीएम ने इस मामले में आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमे के आदेश जारी कर दिए हैं। हालांकि इस जिले में यह कोई पहला मामला नहीं है, प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किश्त आने के बाद 11 अन्य महिलाओं ने भी पैसा लेकर फरार होने का काम किया है। इनमे से कोई विदेश भाग गया तो कोई फरार ही हो गया।
पहली किश्त लेकर फरार होने वाले 11 लाभार्थी इस रिपोर्ट में शामिल
प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किश्त आने के बाद फरार होने की इस घटना का खुलासा डीआरडीए के परियोजना निदेशक की बैठक में हुआ, इसके लिए वर्ष 2023 -24 की पीएम आवास योजना की समीक्षा के लिए परियोजना निदेशक ब्लाक में पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार इस बैठक में पीएम आवास योजना की पहली किश्त के पैसे लेकर फरार हुए लोगों की रिपोर्ट को डीएम को सौंपा गया।
डीएम ने इन लोगों को ढूंढने और उनके खिलाफ मुकदमा दायर करने के आदेश दे दिए हैं। परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने इस बैठक की अध्यक्षता की थी। उन्होंने निचलौल ब्लॉक में सचिवों के साथ बैठक में योजना की समीक्षा की थी। इस बैठक में पता चला की पीएम आवास योजना की पहली किश्त लेकर फरार होने वाले 11 लाभार्थी इस रिपोर्ट में शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार सचिव इन लाभार्थियों को लगातार फ़ोन कर रहे हैं, लेकिन किसी से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। इसके बाद सचिवों ने लाभार्थियों के घर जाकर पड़ताल करने का निर्णय लिया। जब सचिव लाभार्थियों के घर पहुंचे तो उन्हें किसी के घर से पता चला कि महिला लाभार्थी पीएम आवास की पहली किश्त का पैसा लेकर अपने प्रेमी संग फरार हो गई और अपने पति और बच्चों को छोड़ गयी।
इसी तरह से एक अन्य महिला लाभार्थी की खबर सामने आयी, वह पीएम आवास योजना की पहली किश्त का पैसा निकालकर नेपाल भाग गयी और वहीं रहने लगी है। इस तरह के फरार होने के कई मामले सामने आने के बाद, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने इसकी रिपोर्ट महराजगंज के डीएम को सौंप दी है और डीएम ने इस मामले में आरोपियों को ढूढ़ने और उनके खिलाफ मुकदमा चलाने के आदेश दे दिए हैं।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करेंः https://raftaar.in/





