नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । ओडिशा में रविवार को कटक के निकट नेरगुंडी स्टेशन के पास बेंगलुरू-कामाख्या सुपरफास्ट एक्सप्रेस के 11 डिब्बे पटरी से उतर गए । ईस्ट कोस्ट रेलवे (ईसीओआर) के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि करीब 11.54 बजे यह हादसा हुआ। खुर्दा रोड के डिविजनल रेलवे मैनेजर (DRM), ईसीओआर के जनरल मैनेजर और अन्य उच्च स्तरीय अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। चिकित्सा राहत ट्रेन भी मौके पर पहुंच गई है। वहीं, रेलवे अधिकारियों ने अभी तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है कि कोई घायल हुआ है या नहीं।
मंगुली पैसेंजर हॉल्ट के पास यह घटना हुई
बताया जा रहा है कि ओडिशा के कटक में ट्रेन चौद्वार क्षेत्र के मंगुली पैसेंजर हॉल्ट के पास यह घटना हुई। बेंगलुरु-कामाख्या सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन रविवार सुबह 11.54 बजे पटरी से उतर गई। जिसमें ट्रेन के 11 एसी कोच पटरी से उतर गए। जिसके बाद नीलांचल एक्सप्रेस, धौली एक्सप्रेस, पुरुलिया एक्सप्रेस का रूट डायवर्ट किया गया। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। NDRF और फायर ब्रिगेड के कर्मचारी और मेडिकल टीम घटनास्थल पर पहुंची है, जो रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि वे यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रहे हैं, जिसके बाद वे मरम्मत का काम शुरू करेंगे।
सभी यात्री सुरक्षित हैं
ईस्ट कोस्ट रेलवे के सीपीआरओ अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्हें कामाख्या एक्सप्रेस (15551) के 11 डिब्बों के पटरी से उतरने जानकारी मिली है। सीपीआरओ ने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है, सभी यात्री सुरक्षित हैं। घटनास्थल पर दुर्घटना राहत ट्रेन, आपातकालीन चिकित्सा उपकरण भेजे गए हैं। सीपीआरओ का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चल पायेगा कि आखिर ये घटना कैसे हुई। फिलहाल, रूकी हुई ट्रेनों को डायवर्ट करना और बहाली का काम शुरू करना हमारी पहली प्राथमिकता है।
रेलवे और ओडिशा सरकार के संपर्क में : CM हिमंता
हादसे के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने भी ट्वीट किया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ‘मुझे ओडिशा में 12551 कामाख्या एक्सप्रेस से जुड़ी घटना की जानकारी है। सीएमओ असम ओडिशा सरकार और रेलवे के संपर्क में है। हम प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति से संपर्क करेंगे।’





