कोलकाता, 18 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में रद्द हो चुके माध्यमिक व उच्च माध्यमिक परीक्षा देने वाले छात्रों को अगली श्रेणी में कैसे प्रमोट किया जाएगा इसके लिए मूल्यांकन प्रक्रिया की जानकारी माध्यमिक व उच्च माध्यमिक अधिकारियों ने शुक्रवार को दे दी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देशानुसार माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और उच्च माध्यमिक शिक्षा सदन की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई है। छात्रों को यह ऑपशन भी दिया जाएगा कि आकलन से संतुष्ट नहीं हैं, तो स्थिति सामान्य होने के बाद आप परीक्षण के लिए बैठ सकते हैं। नौवीं की मार्कशीट, दसवीं के टेस्ट के मूल्यांकन के आधार पर माध्यमिक परिणाम घोषित होंगे। 2021 की सेकेंडरी मार्कशीट 50-50 प्रतिशत की दर से दी जाएगी। नौवीं कक्षा की मार्कशीट और दसवीं कक्षा के आंतरिक मूल्यांकन की मार्कशीट को समान महत्व दिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर उच्च माध्यमिक शिक्षा संसद ने भी हायर सेकेंडरी परीक्षाओं के मूल्यांकन का तरीका बताया है। बताया गया है कि ‘2019 दसवीं के चार विषयों में सर्वाधिक अंक 40 प्रतिशत, वर्ष 2020 के ग्यारवीं की वार्षिक परीक्षा के 60 प्रतिशत अंक, साथ ही बारहवीं के प्रोजेक्ट-प्रैक्टिकल अंक जोड़े जाएंगे। बताया गया है कि 12वीं के 20 अंक और प्रैक्टिकल के 30 अंक का मूल्यांकन किया जाएगा। स्कूलों को 23 जून तक अपने टेस्ट परीक्षा वाले नंबर जमा करने हैं। सभी का सहयोग मिलने पर परिणाम जुलाई तक प्रकाशित किया जा सकता है। शुक्रवार को बताया गया कि माध्यमिक के करीब 13 लाख और उच्चतर माध्यमिक के करीब नौ लाख अभ्यर्थियों की मार्कशीट तैयार की जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/ ओम प्रकाश/गंगा




