रुद्रप्रयाग, 15 मई (हि.स.)। गौरी माता मन्दिर गौरीकुण्ड में केदारनाथ धाम के प्रधान पुजारी बागेश लिंग ने शनिवार को बह्म बेला पर पंचांग पूजन के तहत 33 कोटि देवी-देवताओं सहित भगवान केदारनाथ का आह्वान कर आरती उतारी और ठीक आठ बजे भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली पैदल मार्ग से धाम के लिए रवाना हुई। भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली के जंगलचट्टी, भीमबली, छोटी लिंनचोली, बड़ी लिंनचोली, रूद्रा प्वाइंट सहित पैदल मार्ग पर परम्परानुसार पूजा-अर्चना की गयी। देर सायं भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली के केदारनाथ धाम पहुंचने पर वहां पहले से मौजूद देवस्थानम् बोर्ड के 12 सदस्यीय दल ने भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली का पुष्प, अक्षत से भव्य स्वागत किया। यह जानकारी देते हुए देव स्थानम् बोर्ड के अधिकारी व डोली प्रभारी यदुवीर पुष्वाण ने बताया कि देवस्थानम बोर्ड द्वारा आगामी 17 मई को कपाट खुलने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित डिमरी





