गोपेश्वर, 13 मार्च (हि.स.)। दशोली विकासखंड में बिरही-निजमुला सड़क पर सफर करना खतरनाक है। यहां ब्यारा के समीप लंबे समय से जलभराव की समस्या है। ग्रामीण जान जोखिम में डालकर आवाजाही को मजबूर हैं। पूर्व प्रधान कुंदन सिंह फरस्वाण, चन्द्र सिंह नेगी, देवेंद्र पंवार और वीरेन्द्र फरस्वाण का कहना है कि लोक निर्माण विभाग ने सड़क पर नालियों का निर्माण नहीं किया है। इसलिए यह स्थिति है। कई जगह तो सड़क का पानी दुकानों और आवासीय भवनों में घुस रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता धन सिंह रावत का कहना है कि ब्यारा में जल भराव रोकने के लिए सड़क के तल को उठाना है। जिला प्रशासन के आदेश पर बीते वर्ष सुधारीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलने का इंतजार है। हिन्दुस्थान समाचार/जगदीश/मुकुंद




