देहरादून, 16 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने वैक्सिनेशन कार्यक्रम को पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति के अनुसार दुर्गम क्षेत्रों में वैक्सिनेशन की कारगर व्यवस्था और न्याय पंचायत स्तर तक व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। मंगलवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने प्रदेश स्तर पर कोविड से बचाव एवं वैक्सिनेशन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलाधिकारियों एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद स्तर पर की जा रही व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिये कि पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति के मध्यनजर सुदूरवर्ती क्षेत्रों तक वेक्सिनेशन कार्यक्रम संचालित करने को लेकर व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार को अभियान के तौर पर चलाने मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों से जनपद स्तर पर कोविड हिस्ट्री भी तैयार करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने वैक्सिनेशन कार्यक्रम को न्याय पंचायत स्तर तक संचालित करने के निर्देश देने हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों को हम किस प्रकार इसका लाभ दे सके, इस पर पूरे मनोयोग से कार्य किया जाना चाहिए। इसके लिये सभी जनपदों को प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करना होगा। कोविड जैसी महामारी की चुनौती का सामना करने के लिये वेक्सिनेशन अभियान मे तेजी लाने के भी निर्देश मुख्यमंत्री ने दिये हैं। मुख्यमंत्री ने बंदी के दौरान स्वास्थ कर्मियों और आशा कार्यकत्रियों सेवा कार्यो की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कोविड आज वैश्विक महामारी बनी हुई है। देश ही नही लगभग पूरा विश्व इससे प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बंदी के समय लोगों को रह सुविधा पहुंचाने के लिए बेहतर कदम उठाए। साथ की संक्रमण बचाव के लिए वेक्शिनेशन अभियान की व्यापक स्तर शुरूआत आमजन के हित में है। कोरोना रोकथाम एवं वैक्सिनेशन की दी प्रस्तुति प्रभारी सचिव, स्वास्थ्य डॉ. पंकज पाण्डेय ने व्यापक प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रदेश में कोविड की रोकथाम एवं वैक्सिनेशन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में कुल कोविड केश 609 है, जबकि अबतक 1709 लोगों की इससे मृत्यु हुई है। राज्य में पोजिटिविटी रेट 3.82 प्रतिशत है, जबकि रिकवरी रेट 96 प्रतिशत तथा डेथ रेट 1.74 प्रतिशत है। प्रदेश में 11 डेडिकेटेड कोविड हॉस्पिटल, 27 कोविड हेल्थ सेन्टर तथा 415 कोविड सेन्टर स्थापित है। प्रदेश में 236 स्थानों पर वैक्सिनेशन कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है जबकि राज्य को 8.50 लाख वेक्सीन डोज प्राप्त हुई है। बैठक में मुख्य सचिव ओम प्रकाश,अपर मुख्य सचिव मनीषा पंवार,सचिव अमित नेगी, नीतेश झा,डी. सेंथिल पांडियन,प्रभारी सचिव एस.ए.मुरूगेशन,एचएस सेमवाल,विनोद कुमार सुमन सहित स्वास्थ्य शिक्षा आदि विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार/राजेश




