नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । ग्रेटर नोएडा के चर्चित निक्की हत्याकांड से जुड़ी एक बड़ी और अहम जानकारी सामने आ रही है। मृतक निक्की की सास दयावती को भी कासना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पति विपिन भाटी की पहले ही गिरफ्तारी हो चुका है। वही, मृतक निक्की के ससुरालवालों पर आरोप है कि उन्होंने निक्की को जिंदा जला दिया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
इस मामले में अब राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने उत्तर प्रदेश के DGP को पत्र भेजकर सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और तीन दिनों के अंदर मामले की विस्तृत कार्रवाई कर रिपोर्ट सौंपने को कहा है। रविवार को राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराने और पीड़िता के परिजनों व गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को भी कहा है।
मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा के चर्चित निक्की हत्याकांड के मुख्य आरोपी पति विपिन भाटी को पुलिस ने रविवार को कोर्ट में पेश किया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया है। पति विपिन पर अपनी पत्नी निक्की पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे जिंदा जलाने का आरोप है। मामले में पुलिस अब तक जांच में कई अहम सबूत जुटा चुकी है।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा मामला ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव का बताया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र से 23 अगस्त को ये जानकारी सामने आई कि एक परिवार ने अपनी बहू को जिंदा जलाकर मौत के घाट उतार दिया। मामले में ससुरालवालों पर गंभीर आरोप लगे है। ससुरालवालें दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर बहू को जिंदा जलाकर मार डाला गया।
35 लाख रुपए दहेज की मांग
परिजनों के अनुसार, मृतक महिला निक्की की शादी दिसंबर 2016 में सिरसा गांव के रहने वाले विपिन भाटी से हुई थी। उन्होंने बताया कि शादी में स्कॉर्पियो कार और सभी सामान दिया था। लेकिन उसके बावजूद शादी के बाद से ही ससुराल के लोग 35 लाख रुपए दहेज की मांग कर रहे थे।
निक्की की बड़ी बहन ने किया खुलासा
मिली जानकारी के अनुसार, निक्की की बड़ी बहन कंचन ने बताया कि निक्की को लगातार 35 लाख रुपये के दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। कंचन ने कहा कि उन्हें हमेशा शिकायत थी कि शादी में उन्हें मनचाहा सामान नहीं मिला। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर निक्की को बेरहमी से मारा गया।




