आगरा, 19 मार्च (हि.स.)। प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के चार साल पूरे होने पर राजा बलवंत सिंह महाविद्यालय में जनप्रतिनिधियों ने शुक्रवार को जनपद स्तरीय ‘विकास पुस्तिका’ का विमोचन किया। इससे पहले परिसर में सीएम योगी आदित्यनाथ ने चार साल की उपलब्धियों को स्क्रीन पर प्रसारण के माध्यम से आनलाइन बताया। इस दौरान सभागार में सीएम के आनलाइन संबोधन के बाद बतौर मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य अश्वनी त्यागी ने कहा कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश में सर्वाधिक विकास कार्य हुए हैं । भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई गई है, गुंडाराज प्रदेश से खत्म कर दिया है। अपराधियों पर कड़ी कार्यवाही की जा रही है। सरकार द्वारा चलाई गई योजना का लाभ पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि अब से 26 मार्च तक पार्टी गांव गांव कस्बे कस्बे जाकर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनता के बीच पहुंचेगी और सरकार द्वारा सभी वर्गो के लिए किए गए कार्यो को साझा करेगी। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अल्प आय वर्ग वालों, किसानों, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं के लिए कार्य किए जा रहे हैं। संक्रमण काल में नि:शुल्क राशन घर-घर पहुंचाया है। इस अवसर पर विधायक रामप्रताप सिंह चौहान, महेश गोयल, जितेंद्र वर्मा, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, मेयर नवीन जैन, एडीएम सिटी प्रभाकांत अवस्थी, सीडीओ जे रीभा, भाजपा जिलाध्यक्ष गिर्राज कुशवाह, महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, बबीतााा चौहान, जिला महामंत्री संतोष कटारा, सोनू चौधरी आदि मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/मोहित




