प्रयागराज, 11 अप्रैल (हि.स.)। साईं नाथ इंटरनेशनल के बैनर तले प्रयागराज के विभिन्न लोकेशनों में शूट की गई हिंदी फीचर फिल्म “चाहत“ के फर्स्ट लुक पोस्टर की लांचिंग रविवार को हुई। लांच करते हुए हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति बी.के नारायण ने कहा कि यहां पर फिल्म की शूटिंग के लिए कई खूबसूरत लोकेशन्स के साथ ही बहुत अच्छे कलाकार भी हैं। जिन्हें वाकई मौका दिया जाना चाहिए। न्यायमूर्ति ने अपने निज आवास पर लोकल कलाकारों को वरीयता देकर निर्मित फिल्म “चाहत“ के लिए निर्देशक सुधीर सिन्हा के साथ पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि बच्चियों के बिना समाज की कल्पना नहीं की जा सकती है, सरकार का भी नारा है कि ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, लेकिन इसके साथ ही इस फिल्म में ‘बेटी अपनाओ’ का भी सुखद सन्देश दिया गया है। जिससे समाज निश्चित जागरूक होगा। फिल्म के पोस्टर रिलीज के मौके पर फिल्म के निर्देशक सुधीर सिन्हा, प्रोड्यूसर अनिल श्रीवास्तव और मुख्य कलाकार बाजीराव बब्बन यादव और सपना सिंह मौजूद रहे। फिल्म के निर्देशक सुधीर सिन्हा ने बताया कि यह समाज को सुंदर सन्देश देने वाली फिल्म है, जिसे पूरे परिवार के साथ बैठकर देखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस पारिवारिक फिल्म में एक टाइटिल सांग व एक लव सांग ही है, जिसे जेपी सिंह ने लिखा है। संगीत रतन बाबा का है। अन्य कलाकारों में स्थानीय कलाकारों को ही वरीयता दी गई है। जिसमें से अधिकांश रंगमंच के कलाकार है। फिल्म के प्रोड्यूसर अनिल श्रीवास्तव, एक्जक्यूटिव प्रोड्यूसर सन्तोष यादव हैं। कहानी का आइडिया बाजीराव बब्बन यादव का है, जबकि पटकथा और संवाद के साथ निर्देशन सुधीर सिन्हा का है। हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त




