सामनेघाट पुल से युवक ने दो मासूम बच्चों संग गंगा में छलांग लगाई, एक बच्चे का शव मिला चंदौली /वाराणसी,13 मई (हि.स.)। चंदौली के बलुआ पुल से गुरुवार को एक किशोर ने अपने माता-पिता की मौजूदगी में गंगा में कूदकर अपनी जान दे दी। हृदय विदारक घटना से मृत किशोर के परिजन बेसुध हो गये। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस गोताखोरों की मदद से शव की तलाश में जुट गई। बलुआ थाना क्षेत्र के सराय गांव निवासी अशोक मिश्रा,पत्नी ममता देवी और पुत्र विकास मिश्रा(13) के साथ दवा लेने पूर्वाह्ल में वाराणसी आ रहे थे। गंगा नदी में बने बलुआ पुल पर जैसे ही अशोक मोटर साइकिल से आये। पुत्र विकास ने अपनी मोबाइल सड़क पर गिरा दी। यह देख अशोक ने अपनी बाइक रोकी विकास उतर गया। मोबाइल लेने के नाम विकास कुछ दूर पुल पर चलकर गंगा में कूद गया। यह देख अशोक और उनकी पत्नी स्तब्ध रह गये। राहगीरोंं ने दोनों को किनारे करने के बाद पुलिस को सूचना दिया। मौके पर पहुंच कर पुलिस गोताखोर की मदद से डूबे किशोर की तलाश कर रही है। उधर, वाराणसी के गंगा में बने सामनेघाट पुल लंका से एक युवक अपने दो मासूम बच्चों को लेकर देर रात गंगा में कूद गया। सुबह दिन चढ़ने पर एक बच्चे का शव गंगा में उतराया देख लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को गंगा से बाहर निकलवाया। तब तक सूचना पाकर मृत बच्चे के परिजन भी वहां पहुंच गये। चंदौली जिले के पड़ाव बहादुरपुर निवासी विनोद पटेल पत्नी से छुट्टा छुट्टी के बाद वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के रमना गांव में बहन के यहां अपने दो बच्चों के साथ रहता था। देर रात विनोद अपने दोनों बच्चों अंशु पटेल (03) प्रियांशु पटेल (05) को साइकिल पर बैठाकर बहन के घर से निकला। सामनेघाट पुल पर साइकिल खड़ी करने के बाद दोनों बच्चों को लेकर गंगा में कूद गया। उधर, विनोद का भांजा रिंकू पटेल ने मामा और बच्चों को घर में न देख कर पूछताछ की तो पता चला कि रात में वह बच्चों को लेकर निकल गया है। सुबह रिंकू तीनों के खोजबीन में जुटा हुआा। इसी दौरान सोशल मीडिया में बच्चे का शव मिलने की सूचना पर रिंकू पुल के नीचे पहुंचा तो ममेरे मासूम भाई का शव देख सन्न रह गया। तक रिंकू की मां भी वहा पहुंच गई। मासूम भतीजे का शव देख महिला बिलखने लगी। बच्चे और विनोद के शव की तलाश कराने में पुलिस गोताखारों को मदद ले रही है। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर




