मेरठ, 21 मई (हि.स.)। दौराला शुगर मिल के बाउंसरों द्वारा किसानों पर हमला करने का विरोध तेज हो गया है। शुक्रवार को हमले के विरोध में किसानों ने कमिश्नरी गेट पर धरना देकर जमकर हंगामा किया। उन्होंने दौराला शुगर मिल के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई ना होने तक अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान कर दिया है। किसान नेता संजय चैधरी के साथ शुक्रवार को किसानों ने मंडलायुक्त कार्यालय के गेट पर धरना शुरू कर दिया। किसानों ने दौराला शुगर मिल के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी और हंगामा किया। संजय चैधरी ने बताया कि तीन दिन पहले दौराला शुगर मिल अधिकारियों द्वारा दिए गए टोकन लेकर क्षेत्र के किसान मिल में गन्ना डालने जा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दौरान गंग नहर पटरी पर शुगर मिल के अधिकारियों और बाउंसरों ने किसानों को रोक लिया। इसी के साथ उनका गन्ना लेने से इनकार कर दिया। जिसका विरोध करने पर शुगर मिल के बाउंसरों ने निहत्थे किसानों को दौड़ा-दौड़ा कर लाठी-डंडों से उनकी जमकर पिटाई की। हमले में कई किसान घायल हो गए। किसान नेताओं का आरोप है कि इस मामले में उन्होंने तीन दिन पहले सरधना थाने में शुगर मिल अधिकारियों और बाउंसरों के खिलाफ तहरीर दी थी। लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। किसानों ने मिल अधिकारियों और बाउंसरों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज ना होने तक अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान कर दिया है। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप




