नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के एक मेडिकल कॉलेज में बच्चों के वार्ड में भीषण आग लग गई, जिसमें NICU में भर्ती 10 नवजात बच्चों की मौत हो गई। वहीं, 16 बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। न्यूज ऐजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार, महारानी लक्ष्मी बाई मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार रात लगभग 10: 45 बजे आग लग गई। आशंका है कि आग शॉर्ट शर्किट की वजह से लगी है।
आग लगने की जानकारी मिलते ही अस्पताल के कर्मचारियों ने बच्चों को NICU से निकालना शुरू किया। हालांकि, सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका।
50 से अधिक बच्चे NICU में थे
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सुधा सिंह का कहना है कि घटना के समय NICU के आंतरिक भाग में 50 से अधिक बच्चे थे और उनमें ज्यादातर बच्चों को बचा लिया गया।
बच्चों की पहचान के लिए DNA टेस्ट कराया जा सकता हैः डिप्टी CM ब्रजेश पाठक
यूपी के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने शनिवार को बताया कि अब तक सात मृतकों की पहचान हो गई है और तीन बच्चों की पहचान होनी बाकी है। डिप्टी सीएम ने कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो बाकी पीड़ितों की पहचान करवाने के लिए डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा। इसके अलावा पाठक ने बताया कि पहली नजर में ऐसा लगता है कि ऑक्सीजन कंसंट्रेटर में शॉर्ट सर्किट हो गया है। लापता नवजात बच्चों के लिए हेल्पलाइन नंबर की व्यवस्था होगी।
सीएम योगी ने किया दुख व्यक्त, 12 घंटे के अंदर मांगी मामले की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी जिले के मेडिकल कॉलेज के NICU में हुई दुर्घटना में बच्चों की मौत पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह घटना बहुत ही दुखद और हृदय विदारक है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी से काम करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने घायलों के जल्दी ठीक होने की कामना भी की। उन्होंने संभागीय आयुक्त बिमल कुमार दुबे और पुलिस उप महानिरीक्षक कलानिधि नैथानी को घटना पर 12 घंटे के भीतर पूरी रिपोर्ट पेश करने को कहा।
सीएम योगी ने 5 लाख रुपये देने की घोषणा
यूपी के मुख्यमंत्री ऑफिस ने एक्स पर पोस्ट के जरिए धोषणा की है कि सीएम योगी आदित्यनाथ के आदेश पर सरकार ने मरने वाले नवजात बच्चों के माता-पिता के लिए 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी और घायल बच्चों के परिवारों को 50,000 रुपये से सहायता की जाएगी।
पीएम मोदी ने लिखा- दिल दुखाने वाली घटना
पीएम मोदी ने हादसे पर अपना दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ऑफिस ने पीएम मोदी की तरफ से एक्स पोस्ट में लिखा है कि यूपी में झांसी मेडिकल कॉलेज में आग लगने की घटना दिल को दुख देने वाली घटना है। इसके अलावा पीएम ने मारे गए हर व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50,000 रुपये का सहायता प्राप्त करने का ऐलान किया है।




