सिरोही, 06 जुलाई (हि.स.)। जिले के आबूरोड सदर थाना क्षेत्र में चनार गांव के निकट मंगलवार को एक युवक का शव नदी में तैरता मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव निकलवा कर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
गिरवर चैकी प्रभारी शिवपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि मृतक की पहचान आबूरोड के आगरापट्टा निवासी 25 वर्षीय दीप उर्फ लाला पुत्र विष्णु पटेल के रूप में हुई। मृतक सोमवार सुबह 10 बजे घर से बिना बताए बाइक लेकर निकला था। जहां उसकी बॉडी मिली, उससे करीब दो किलोमीटर दूर उसकी बाइक मिली। मृतक ने बाइक हैंडल लॉक कर रखी थी। जिसकी चाबी उसकी पेंट की जेब में मिली। मृतक का शव मंगलवार सुबह चनार गांव के निकट नदी में तैर रहा था। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंच शव को बाहर निकलवा कर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस को मृतक के परिजनों ने बताया कि कुछ समय पूर्व मृतक सड़क हादसे में घायल हो गया था। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मानसिक स्थिति कुछ अच्छी नहीं थी। बार-बार झगड़ा करने लग जाता था। जवान बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। उन्हें अभी भी यकीन नहीं हो रहा था कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप




