जोधपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर शहरवासियों के चिंता बढ़ाने वाली हो गई है। कमिश्ररेट पुलिस ने सोमवार को राज्य सरकार द्वारा जारी नाइट कफ्र्यू में आंशिक संशोधन कर मंगलवार को जोधपुर में इसकी समय सीमा बढ़ाकर रात आठ बजे कर दी। शाम सात बजे तक व्यापारियों को प्रतिष्ठान बंद कर अपने घरों में चले जाने की हिदायत अथवा अपील की गई। ताकि इसके बढ़ते संक्रमण को रोका जा सकें। मंगलवार को पहले दिन इसका काफी असर नजर आया। शहर के ज्यादातर बाजार सूने हो गए। लोगों ने प्रतिष्ठान बंद कर अपने घरों की तरफ से कूच करने लगे। मगर इस भागमभाग के बीच शहर की सडक़ों पर लंबा जाम सा लग गया। शहर के हृदय स्थल सोजती गेट पर काफी लंबा जाम लगने से वाहन चालक फंस गए। एकबारगी पुलिस को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए पसीने छूट गए। शहर के सरदारपुरा बी रोड, जालोरीगेट, भीतरी शहर, घंटाघर, पावटा आदि स्थानों पर बाजारों में सन्नाटा पसर गया। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच पुलिस ने राज्य सरकार की गाइड लाइन की पालना के क्रम में मंगलवार को कफ्र्यू सीमा बढ़ाते रात आठ बजे से बढ़ाते हुए सुबह छह बजे तक कर दिया है। जोकि आगामी 19 अप्रेल तक प्रभावी रहेगा। कमिश्ररेट पुलिस कफ्र्यू की सख्त पालना के लिए गश्त और पेट्रोलिंग को भी बढ़ा दिया है। खुद पुलिस आयुक्त जोसमोहन, डीसीपी पूर्व धर्मेंद्र सिंह यादव, डीसीपी पश्चिम आलोक श्रीवास्तव आदि सडक़ों पर उतर मोनिटरिंग कर रहे है। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश / ईश्वर





