नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क । महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बीएमसी चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने बड़ी घोषणाएं की हैं। पार्टी नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने एक प्रेस वार्ता में आगामी चुनावों के लिए पार्टी का घोषणापत्र पेश किया। AAP ने मुंबई के लोगों को 10 बड़े वादे किए हैं और पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह दिल्ली के मॉडल को अपनाकर शहर में विकास और पारदर्शिता सुनिश्चित करना चाहती है। घोषणापत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, सफाई, सड़क और नागरिक सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण कदम शामिल हैं।
मुफ्त बिजली, 24 घंटे पानी और बच्चों के लिए शिक्षा-सुविधाएं
आम आदमी पार्टी ने बीएमसी चुनाव के लिए घोषणापत्र में कई बड़े वादे किए हैं। पार्टी ने कहा कि अगर वह चुनाव जीतती है तो 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाएगी। इसके साथ ही, सभी नागरिकों को 24 घंटे फ्री पानी मिलेगा, जिसमें 20 हजार लीटर तक की सुविधा शामिल है। शिक्षा के क्षेत्र में भी पार्टी ने बड़े कदम उठाने का वादा किया है। AAP ने कहा कि क्षेत्र के बच्चों को विश्वस्तरीय शिक्षा दी जाएगी और उन्हें स्कूल आने-जाने के लिए फ्री बस पास भी प्रदान किया जाएगा।
स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए भी किए बड़े वादे
AAP ने लोगों के लिए स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़े वादे किए हैं। पार्टी ने कहा कि जनता के दरवाजे तक मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और बीएमसी क्षेत्र में मोहल्ला क्लिनिक खोले जाएंगे। साथ ही, AAP ने मतदाताओं से पर्यावरण के संरक्षण और सुधार के लिए भी कई प्रतिबद्धताएं की हैं।
गड्ढामुक्त सड़कें, मुफ्त बस सेवा और करप्शन फ्री प्रशासन
आम आदमी पार्टी ने कहा कि शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाएगा और बेस्ट की सेवाओं को और सुदृढ़ बनाया जाएगा। इसके साथ ही, जनता के लिए 10,000 इलेक्ट्रिक बसों की फ्लीट उपलब्ध कराई जाएगी, जिसमें महिलाओं को मुफ्त बस सेवा भी मिलेगी। AAP ने सभी नागरिकों के लिए सीसीटीवी और स्ट्रीट लाइट लगाने, घर देने और किराए के घरों में राहत देने का वादा किया है। पार्टी ने यह भी कहा कि लाइसेंसिंग प्रक्रिया को आसान बनाया जाएगा और व्यवसाय के लिए फ्रेंडली माहौल तैयार किया जाएगा। अपने 10वें वादे के तहत AAP ने कहा कि वह एक करप्शन फ्री बीएमसी बनाएगी।





