नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र में नगर निगम चुनाव की सरगर्मी तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP) ने पुणे महानगरपालिका चुनाव में उतरने का एलान कर दिया है। पार्टी ने चुनावी तैयारी को अंतिम रूप देते हुए 25 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि AAP पुणे नगर निगम की अधिकांश सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की रणनीति पर काम कर रही है।
पार्टी नेतृत्व का कहना है कि पुणे में संगठन को मजबूत करने के साथ स्थानीय मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी पूरी कर ली गई है। AAP का फोकस शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी सुविधाओं और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन पर रहेगा।
शिवाजी पार्क में चुनावी सभाओं की तैयारी तेज
उधर, महाराष्ट्र में नगर निगम चुनाव की घोषणा के बाद राज्य की सभी प्रमुख राजनीतिक पार्टियां सक्रिय हो गई हैं। मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में चुनावी सभाओं के लिए आवेदन देने का सिलसिला तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी, मनसे, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) और एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना ने यहां रैली आयोजित करने के लिए आवेदन किया है।सूत्रों के मुताबिक 10 से 13 जनवरी के बीच शिवाजी पार्क में कई बड़ी राजनीतिक सभाएं हो सकती हैं। इन सभाओं के जरिए पार्टियां आगामी बीएमसी चुनाव से पहले अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में हैं।
उद्धव-राज की संभावित सभा पर सबकी नजर
सबसे ज्यादा चर्चा उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की संभावित सभाओं को लेकर है। जानकारी के अनुसार मनसे ने 11 या 12 जनवरी के लिए, जबकि शिवसेना (UBT) ने 12 जनवरी के लिए आवेदन दिया है। हालांकि, दोनों नेता एक साथ मंच साझा करेंगे या नहीं, इस पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
बीजेपी भी दिखाएगी दम
बीजेपी ने भी 12 या 13 जनवरी के लिए शिवाजी पार्क में रैली की अनुमति मांगी है। माना जा रहा है कि इस दौरान पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभा सकता है। कुल मिलाकर, पुणे से मुंबई तक नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो चुकी हैं और आम आदमी पार्टी की एंट्री ने मुकाबले को और रोचक बना दिया है।





