भोपाल, 30 जून (हि.स.)। सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया ने कहा है कि कोरोना महामारी के संक्रमण से स्वयं और अपने परिवार की रक्षा के लिए सभी व्यक्ति कोविड वैक्सीन टीका जरूर लगवाएं। उन्होंने कहा कि कोरोना टीकाकरण संक्रमण से बचाव का सबसे महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने मास्क लगाने, सोशल डिसटेंसिंग का पालन करने, हाथों को बार-बार साबुन से धोने अथवा सेनेटाईज करने और कोविड अनुकूल व्यवहार को आत्मसात् कर अपनी दैनिक गतिविधियों में व्यवहार में लाने की अपील की। मंत्री डॉ भदौरिया बुधवार को भिंड जिले के ग्रामों में विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कोरोना महामारी के दौर में प्रदेश की जनता के लिए हरसंभव स्वास्थ सुविधा उपलब्ध करवाने और प्रदेश की जनता को कोरोना संक्रमण से बचाव के साधन जुटाने दिन-रात कार्य कर रहे हैं। जिलों में ऑक्सीजन प्लांट लगाये जा रहे हैं। मंत्री डॉ भदौरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा इस मुश्किल दौर में जनता को राहत के लिए मुख्यमंत्री बाल कल्याण, खाद्यान वितरण, पथ विक्रेता आदि योजनाओं को लागू करने से आमजन को संबल मिला है। मंत्री डॉ भदौरिया ने 4 करोड़ 27 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण किया मंत्री डॉ भदौरिया ने भिंड जिले के अटेर क्षेत्र के ग्राम रजपुरा, जंजारीपुरा, पाली, पावई, पिथनपुरा, नरसिंहगढ़ एवं देहरा में 4 करोड़ 27 लाख से अधिक के 28 कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर पर ग्रामों में पौधा-रोपण भी किया। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश




