गुना, 12 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस पर प्रशासन औपचारिकता पूरी करते नजर आया। इस मौके पर चाईल्ड हेल्पलाईन अधिकारियों ने शहर में जनजागरूकता रैली निकाली। 14 साल से कम उम्र के बालकों को बालश्रम से रोकने के लिए जागरूक किया। इस मौके पर चाईल्ड हेल्पलाईन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने जयस्तंभ चौराहे क्षेत्र में पहुंचकर बालश्रम करा रहे मोटर सायकिल मैकनिकों को हिदायत दी। इस दौरान उनसे कहा गया कि 14 साल से कम उम्र के बच्चों से बालश्रम न कराया जाएं। यदि जरूरत है तो 18 से अधिक उम्र के युवाओं को काम पर रखा जाएं। इस दौरान चाईल्ड हेल्पलाईन से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि आज तो सिर्फ हिदायत दी जा रही है। जल्द ही बालश्रम कराने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएंगी। इस मौके पर लोगों से अपील की गई कि कही भी बालश्रम या बालकों के साथ दुर्व्यवहार होते दिखे तो 1098 पर फोन करें। ऑनलाईन संगोष्ठी आयोजित इधर विश्व बाल श्रम दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गुना द्वारा बाल श्रम को रोकने एवं बाल श्रम में लगे बच्चों के उचित पुनर्वास व शिक्षा के लिए शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संबंध में ऑनलाईन संगोष्ठी हुई। जिसमें चर्चा हेतु पैरालीगल वालेंटियर्स के साथ सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एके मिश्र की अध्यक्षता में संगोष्ठी हुई। इस मौके पर जिला विधिक सहायता अधिकारी दीपक शर्मा, पैरीलीगल वॉलेंटियर्स, हेमराज बैरागी, राजवीर यादव, राजीव रघुवंषी, शालिनी मीणा, गोलू बुनकर आदि उपस्थित रहे। लघु फिल्में होंगी प्रदर्शित वहीं अंर्तराष्ट्रीय श्रम संगठन आईएलओ द्वारा वर्ष 2012 से 12 जून को बाल श्रम के विरूद्ध विश्व विवस मनाया जानाप्रारंभ हुआ है। इस वर्ष जिले में बाल एवं कुमार श्रम अधिनियम 1986 संशोधित अधिनियम 2017 के प्रावधानों से जनसामान्य को अवगत कराने के उद्देश्यों से जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें पांच लघु फिल्मों का निर्माण किया गया है। हिन्दुस्थान समाचार / अभिषेक




