धनबाद, 1 जून (हि. स.)। राज्य सरकार की पहल पर मंगलवार से 45 प्लस लोगों के लिए धनबाद सदर अस्पताल से दो मोबाइल वैक्सीनेशन वाहन को धनबाद के सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मौके पर धनबाद सांसद पीएन सिंह के अलावा धनबाद विधायक राज सिन्हा, डीडीसी दशरथ चंद्र दास, सिविल सर्जन सहित कई स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे। मौके पर सांसद पीएन सिंह ने कहा कि सरकार की यह अच्छी पहल है, जो लोग बुजुर्ग हैं और जो चलने में असमर्थ है अपने घरों से नहीं निकल सकते हैं। वैसे लोगों को इस वाहन के माध्यम आसानी से टीकाकरण किया जा सकेगा। यह वाहन लोगों के मोहल्लों और घरों तक पहुंचेगी। इसके साथ ही धनबाद में पिछले कई दिनों से 18 प्लस लोगों के लिए वैक्सीनेशन कार्य बंद पड़े होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसको लेकर के भी सरकार से समक्ष बात रखी जाएगी। विधायक राज सिन्हा ने भी सरकार के इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की यह अच्छी पहल है। जो लोग घरों से नहीं निकल पाते हैं उनके लिए यह वाहन काफी सुविधा प्रदान करने वाला है। इस दौरान धनबाद के डीडीसी दशरथ चंद्र दास ने कहा कि आज बहुत ऐसे लोग हैं, जो घरों से बाहर नहीं निकल पाते हैं वैसे लोगों के लिए मोबाइल वैक्सीनेशन वाहन रवाना किया गया है। उन्होंने 18 प्लस लोगों के टीकाकरण के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि अभी 18 प्लस लोगों के लिए फिलहाल वैक्सीन नहीं आया है। बहुत जल्द ही 18 प्लस लोगों के लिए भी टीका आ जाएगा। इसके बाद युवाओं को भी कोरोना में टीका देने की प्रक्रिया चालू हो जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/ राहुल कुमार झा





