पालमपुर, 23 मार्च (हि. स.)। हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री शान्ता कुमार ने एक वक्तव्य में कहा है कि हिमाचल की होनहार प्रतिभाशाली बेटी कंगणा रणौत ने एक और रिकार्ड बनाकर एक नया इतिहास बनाया है। इस छोटी-सी उम्र में और इतने छोटे फिल्म कैरियर में चौथी बार सर्व श्रेश्ठ एक्टरेस का राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करके एक नया इतिहास बना है। पूरा हिमाचल एक बार फिर से गौरवान्वित हुआ है। मैं प्रिय कंगणा रणौत को बहुत बधाई, प्यार, शुभ कामनाएं और आशीर्वाद देता हूं। उन्होंने कहा कि हिमाचल के एक गांव के एक साधारण परिवार से उठकर अपने परिश्रम से सिनेमा जगत में जो स्थान कंगना रणौत ने प्राप्त किया है वह अत्यन्त प्रसंशनीय है। यह सम्मान पूरे हिमाचल को है। मैं हिमाचल प्रदेश की जनता को भी बधाई देता हूँ। हिन्दुस्थान समाचार/सुनील/उज्जवल




