धर्मशाला, 11 मार्च (हि.स.)। धर्मशाला के शहीद स्मारक में निर्वासित तिब्बती सरकार द्वारा निर्मित विकास चिल्ड्रन पार्क का उद्घाटन गुरूवार को निर्वासित तिब्बत सरकार के राष्ट्रपति डॉ. लोबसांग सांगे ने किया। इस मौके पर उनके साथ केंद्रीय तिब्बती प्रशासन के वित्त विभाग के मंत्री कर्मा यशी भी मौजूद रहे। डॉ. लोबसांग सांगे ने पार्क का उद्घाटन कर पार्क को बच्चों के लिए समर्पित किया। पर्यटन नगरी होने के चलते काफी संख्या में पर्यटक भी शहीद स्मारक में घूमने के लिए आते हैं। ऐसे में पर्यटकों के बच्चे भी इस पार्क में घूमने के साथ-साथ झूले झूलने का भी आनंद ले सकेंगे। पार्क का उद्घाटन करने के बाद निर्वासित तिब्बत सरकार के राष्ट्रपति डॉ लोबसांग सांगे ने कहा कि धर्मशाला के शहीद स्मारक में तिब्बती प्रशासन द्वारा इस पार्क का निर्माण करवाया गया है ताकि धर्मशाला के बच्चे अपने परिजनों सहित इस पार्क में आएं और सुबह शाम इस पार्क में सैर का आनंद लें। उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक के भीतर इस इस पार्क का निर्माण कर बच्चों को भी सुरक्षा प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि इस साल से धर्मगुरु दलाई लामा का 85 वर्ष चल रहा है। केंद्रीय तिब्बती प्रशासन (सीटीए) ने इस पार्क का निर्माण करवाकर दलाई लामा को तोहफे के रुप में समर्पित किया है। उन्होंने बताया कि इस पार्क को शहीद तिब्बती सैनिकों की याद में बनवाया गया है तथा इसका नाम उन्हीं शहीदों की याद में विकास चिल्ड्रन पार्क रखा गया है। हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील




