नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । पिछले तीन-चार दिनों की मौसमी स्थितियों के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। AQI ‘बहुत खराब’ श्रेणी से सुधरकर ‘खराब’ श्रेणी में आ गया है। दिसंबर का महीना वायु गुणवत्ता में उतार-चढ़ाव वाला रहा है, जिसमें स्तर ‘गंभीर’ से ‘बहुत खराब’ और अब ‘मध्यम’ हो गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, मंगलवार को सुबह 6 बजे AQI 230 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। इस बीच मौसम विभाग ने आज मंगलवार को ठंडे दिन के साथ हल्के से मध्यम कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि दिल्ली में 5 जनवरी तक कोहरा और कड़ाके की ठंड का दौरा रहेगा।
दिल्ली एनसीआर में बीते तीन दिन पहले हुई बारिश के बाद अब कड़ाके की ठंड की दौर शुरू हो गया है। सुबह और शाम तापमान में भारी गिरावट आयी है। मौसम विभाग ने अगले 5 से 6 दिनों तक न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 15 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया है । आज मंगलवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापामन 15 डिग्री रहने का अनुमान है। इसी के साथ तेज हवा के साथ शीतलहर पहले की तरह जारी रहेगा। कोहरे में अभी कमी आने के कोई संकेत नहीं है।
दिल्ली शहर में AQI
दिल्ली में मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) इस प्रकार है। नेहरू नगर (324), विवेक विहार (307), जहांगीरपुरी (301), वजीरपुर (291), आईटीओ (241), द्वारका-सेक्टर 8 (246), पटपड़गंज (286), पंजाबी बाग (264), पूसा (255), आर के पुरम (276), रोहिणी (266), बवाना (279), अलीपुर (250), अशोक विहार (230)। बता दें कि केंद्र के वायु गुणवत्ता निगरानी पैनल ने शुक्रवार को वायु गुणवत्ता में सुधार देखने के बाद संशोधित ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के चरण III उपायों को रद्द कर दिया था।
इससे पहले सोमवार की सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक रहा। जबकि पालम क्षेत्र में तापमान 8.6 डिग्री और अधिकतम तापमान 15 दर्ज किया गया। यह सामान्य से 5.4 डिग्री था। मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 5 जनवरी तक कोहरा और ठंड रहने का अलर्ट जारी किया है। . मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में कई जगह धुंध और घना कोहरा छाया रहेगा।




