नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। राजधानी दिल्ली में 2 नवंबर की रात हुए एक दर्दनाक हिट-एंड-रन हादसे का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 24 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे में 35 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान हर्षित मेहता के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के आगरा का रहने वाला है। आरोपी से पूछताछ में उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
CCTV फुटेज ने खोला राज
घटना के बाद एलएनजेपी अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति को संदिग्ध सड़क दुर्घटना के बाद मृत अवस्था में लाया गया है। मृतक की पहचान राजेंद्र गुप्ता (निवासी – कृष्णा नगर, दिल्ली) के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। घंटों की बारीकी से जांच के बाद पुलिस ने हादसे में शामिल वाहन की पहचान कर ली।तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि यह वाहन उत्तर प्रदेश पंजीकरण संख्या की एक कार थी।
तकनीकी सबूतों से मिला सुराग
वाहन का स्वामित्व विवरण मिलने पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 133 के तहत नोटिस जारी किया। आगरा निवासी हर्षित मेहता नोटिस मिलने के बाद थाने पहुँचा और पूछताछ में उसने बताया कि उसी से यह हादसा हुआ था।
गिरफ्तारी और वाहन ज़ब्त
आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है।मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि,सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण की मदद से आरोपी तक पहुँचना संभव हुआ। दिल्ली पुलिस ऐसे मामलों में तकनीकी साक्ष्यों के सहारे त्वरित कार्रवाई कर रही है।यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि,लापरवाह ड्राइविंग सिर्फ कानून तोड़ना नहीं, बल्कि किसी की जिंदगी छीन लेना है।




