नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । दिल्ली-एनसीआर में फरवरी के दूसरे हफ्ते में ही मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। ठंड अब धीरे-धीरे विदा ले रही है और गर्मी ने अपनी मौजूदगी दर्ज करानी शुरू कर दी है। पिछले 24 घंटों में हवाओं की रफ्तार कम होते ही धूप की तीव्रता बढ़ गई है, जिससे दिन के समय गर्मी ज्यादा महसूस की जा रही है। राजधानी समेत आसपास के क्षेत्रों में तापमान लगातार ऊपर चढ़ रहा है और दोपहर में गर्मी का अहसास होने लगा हैं। अगर यही रुझान बना रहा, तो फरवरी खत्म होने से पहले ही दिल्ली-एनसीआर में अप्रैल-मई जैसी गर्मी पड़ने लगेगी।
हवा हुई शांत, धूप ने दिखाए तीखे तेवर
बीते कुछ दिनों के दौरान मौसम ने तेजी से रुख बदला है। जहां कुछ दिन पहले तक करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही थीं, वहीं दो दिन पहले यह गति घटकर लगभग 17 किलोमीटर प्रति घंटे रह गई। अब स्थिति यह है कि हवाएं लगभग थम सी गई हैं। हवाओं की कमी के साथ ही धूप की तीव्रता साफ तौर पर बढ़ गई है। दोपहर के समय बाहर निकलने पर तेज गर्माहट महसूस हो रही है, जिससे लोगों को फरवरी में ही गर्मी का एहसास होने लगा है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में सूरज की चमक और अधिक प्रखर हो सकती है, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी संभव है।
IMD का अनुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में फरवरी के मध्य तक तापमान में वृद्धि का रुझान जारी रहने की संभावना है। विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार 15 फरवरी तक अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो इस समय की सामान्य सीमा से अधिक माना जा रहा है।
IMD ने यह भी बताया है कि न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दिख रही है और यह 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई जा रही है, जबकि रात का तापमान अब 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं जाने का अनुमान है। इससे संकेत मिलता है कि अभी तक ठंड का असर धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है। इन पूर्वानुमानों के आधार पर फरवरी में राजधानी में दिन के तापमान में बढ़ोतरी और रात में अपेक्षाकृत गर्मी बनी रहने की संभावना है, जिससे लोगों को ठंडी सर्दी की बजाय हल्की गर्मी महसूस हो सकती है।
दिल्ली मेट्रो में शुरू हुआ एसी
दोपहर की तेज होती धूप को देखते हुए दिल्ली मेट्रो में यात्रियों की सहूलियत के लिए एयर कंडीशनिंग सिस्टम चालू कर दिया गया है। दिन के समय लोगों को साफ तौर पर गर्मी महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं 16 फरवरी तक अधिकतम तापमान लगभग 26 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। पूर्वानुमान के अनुसार इस दौरान मौसम सामान्यतः साफ रहेगा और तेज धूप देखने को मिलेगी। हालांकि हल्के बादल बीच-बीच में नजर आ सकते हैं, लेकिन बारिश या घने कोहरे की कोई संभावना फिलहाल नहीं जताई गई है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 24 घंटों में दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। यानी फिलहाल गर्मी का असर थोड़ा और बढ़ने की संभावना है। हालांकि इसके बाद उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है और लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। 16 फरवरी के आसपास एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के पहाड़ी क्षेत्रों में पहुंचने की संभावना जताई गई है। इसके असर से राजस्थान के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बनने के संकेत हैं, जिसका प्रभाव आसपास के इलाकों के मौसम पर भी पड़ सकता है।




