समस्तीपुर, 03 मार्च (हि.स.)।जिलाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में आज जल जीवन हरियाली से संबंधित समीक्षात्मक बैठक की गई। बैठक में अपर समाहर्ता ,सहायक समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, निदेशक लेखा एवं प्रशासन ,एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे। बैठक में जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता लघु सिंचाई प्रमंडल समस्तीपुर को निर्देश दिया कि जिन तालाबों को पूर्ण कर दिया गया है एवं भिंडा पर जहां से अतिक्रमण हटवाया गया था ,उन भिंडो पर चारों तरफ 20-20 फिट की दूरी पर सीमेंट वाला छोटा छोटा पिलर एक सप्ताह के अंदर लगवाना सुनिश्चित करें। ताकि उसका सीमांकन भी हो जाए एवं वहां पुन अतिक्रमण नहीं हो साथ ही आगे भी पूर्ण की जाने वाली सभी योजनाओं को इसी प्रकार सीमेंट का पिलर लगवाना सुनिश्चित करेंगे। कार्यपालक अभियंता लघु सिंचाई प्रमंडल समस्तीपुर द्वारा बताया गया कि छोटी-छोटी नदियों में चेक डैम का कार्य कराने क लिए मोरवा एवं सरायरंजन प्रखंड अंतर्गत नून नदी को चिन्हित किया गया है। कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया कि उपर्युक्त के अतिरिक्त अन्य प्रखंडों में भी जहां चेक डैम बनाया जा सकता है ,एवं दलसिंहसराय प्रखंड अंतर्गत बलान नदी में चेक डैम निर्माण को चिन्हित कर अगली बैठक से पूर्व अधोहस्ताक्षरी से तिथि निर्धारित कर अपने अधीक्षण अभियंता के साथ चैक डैम क लिए चयनित स्थल का निरीक्षण सुनिश्चित करें। जिला कृषि पदाधिकारी समस्तीपुर द्वारा बताया गया कि 100 तालाब निर्माण का क लिए कार्यादेश निर्गत किया गया था जिसमें 12 पर कार्य चल रहा है। कार्यान्वित 12 तालाबों को शीघ्र पूर्ण करवा कर पूर्ण योजनाओं की एंट्री जल जीवन हरियाली के पोर्टल पर करवाने का निर्देश दिया गया। शिक्षा विभाग के सभी डीपीओ को सभी स्कूलों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग की जांच प्रतिवेदन भेजने का निर्देश दिया गया। जिलों में कितनी जैविक खेती हो रही है, किसान सलाहकार के द्वारा किसान से मिलकर डाटा उपलब्ध कराने का निर्देश जिला कृषि पदाधिकारी को दिया गया। साथ ही वास्तविक फील्ड सर्वेक्षण करने का निर्देश भी दिया गया। जिले में कितने तालाबों का रिनोवेशन कराया गया और कितनों का फेंसिंग करवाया गया है जिसका सभी कार्यक्रम पदाधिकारी प्रतिवेदन उपलब्ध कराएंगे। हर पंचायत में 1-1 कुओं का निर्माण कराने क लिए जिला पंचायती राज पदाधिकारी को बीडीओ के माध्यम से पत्र लिखकर देने को निदेश दिया गया। हिन्दुस्थान समाचार/त्रिलोकनाथ




