गुवाहाटी, 12 जून (हि.स.)। राजधानी गुवाहाटी के नारंगी इलाके में शनिवार को एक मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतर गये। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सेना के जवानों को सुरक्षा के मद्देनजर तुरंत तैनात किया गया। सूत्रों ने बताया है कि मालगाड़ी में सेना की खाद्य सामग्री लायी गयी थी। जानकारी के अनुसार शनिवार को नारंगी स्थित सैन्य छावनी में जा रही डब्ल्यूडीजी4-70115 नंबर की मालगाड़ी के छह डब्बे पटरी से उतर गये। सूत्रों ने बताया है कि मालगाड़ी में सातगांव स्थित सैन्य छावनी में अत्यावश्यक खाद्य सामग्री का परिवहन किया जा रहा था। पटरी से मालगाड़ी के डब्बों के उतरने से नारंगी-चंद्रपुर-मोरीगांव को जोड़ने वाले मार्ग पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचकर पटरी से उतरे डब्बों को ट्रेन से अलगकर बाकी डब्बों को हटाया गया। बाद में पटरी से उतरे छह डब्बों को रेलवे का विशेष दल हटाने में जुट गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सातगांव सैन्य छावनी में जाने वाली रेलवे लाइन की लंबे समय से मरम्मत नहीं की गयी है, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद




