नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। आंध्र प्रदेश के पालनाडु जिले में बुधवार को एक प्राइवेट बस और टिप्पर लॉरी में भिड़ंत हो गई। जिसके बस ने आग पकड़ ली। हादसे में छह लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घटना करीब रात 1 बजे घटित हुई। साथ ही पुलिस ने जानकारी दी कि घटना चिलाकलूरीपेट मंडल के पासुमारू के पास घटित हुई। जानकारी के अनुसार बस में सवार यात्री मतदान करने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रात में उनकी बस की भिड़ंत एक लॉरी से हो गई।
मतदान कर घर लौट रहे थे लोग
जानकारी के अनुसार बस बपातला जिले के निलायापालेम से हैदराबाद की तरफ जा रही थी। घायल हुए लोगों ने बताया कि वह सोमवार को लोकसभा व विधानसभा चुनावों में मतदान कर घर लौट रहे थे। घटना में छह लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान कासी ब्रह्मेश्वर राव (62), लक्ष्मी (58), श्रीसाई (9), बस चालक अंजि, टिप्पर लॉरी ड्राइवर हरि सिंह के तौर पर शिनाख्त हुई है। हालांकि अभी एक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
दमकल के पहुंचने से पहले गाड़ियां हुई खाक
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर दमकल को रवाना किया गया और आग को बुझाया गया, लेकिन तब तक दोनों गाड़ियां जल चुकी थी। घायलों को चिलाकलूरीपेट और गुंतुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
बस के शीशे तोड़ यात्रियों ने बचाई अपनी जान
बस में सवार एक यात्री ने कहा, ‘जैसे ही बस में भिड़ंत के बाद आग लगी, सभी यात्री खुद को बचाने के लिए बस के शीशे तोड़ कर बाहर कूद गए। हालांकि, एक बुजुर्ग दंपति और एक बच्चा बाहर नहीं आ पाया।“ बता दें कि बस में 42 यात्री सवार थे, जो बपतला के निलायापेलम मंडल के रहने वाले थे। वह लोग सोमवार को मतदान कर वापस अपने घर लौट रहे थे।
खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





