नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने शुक्रवार (5 सितंबर) को अपनी कैबिनेट में बड़ा फेरबदल कर सियासी हलचल तेज़ कर दी। यह कदम उप-प्रधानमंत्री एंजेला रेयनर के अचानक इस्तीफे के बाद उठाया गया, जिसे ब्रिटिश राजनीति में अहम मोड़ माना जा रहा है।
डिप्टी पीएम एंजेला रेयनर पर अपार्टमेंट खरीद में टैक्स की हेराफेरी और 40,000 पाउंड की स्टांप ड्यूटी बचाने के आरोप है। जिसके बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया। इस फेरबदल में सबसे अहम नियुक्ति शबाना महमूद की रही, जिन्हें ब्रिटेन का नया गृह मंत्री बनाया गया है।
कौन हैं शबाना महमूद?
ब्रिटेन की नई गृह मंत्री शबाना महमूद पाकिस्तानी मूल की हैं और 2010 से सांसद हैं। उन्हें देश की सबसे सीनियर मुस्लिम महिला नेता माना जाता है। खास बात यह है कि वे पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से ताल्लुक रखने वाली पहली मुस्लिम महिला हैं जिन्हें यह अहम जिम्मेदारी मिली है।
शबाना महमूद 2024 में बर्मिंघम लेडीवुड से सांसद चुनी गईं और एक साल तक लॉर्ड चांसलर व न्याय मंत्री रहीं। 1980 में बर्मिंघम में जन्मीं शबाना का परिवार पाक कब्जे वाले मीरपुर, कश्मीर से जुड़ा है। बचपन के कुछ साल उन्होंने सऊदी अरब में बिताए और फिर यूके में पली-बढ़ीं।
एक बैरिस्टर से राजनीति तक का सफर
शबाना महमूद के पिता सिविल इंजीनियर रहे और बाद में स्थानीय लेबर पार्टी के अध्यक्ष बने, जबकि मां ने किराना दुकान संभाली। किशोरावस्था में शबाना ने पिता संग चुनाव प्रचार किया। शिक्षा में उन्होंने 2002 में ऑक्सफोर्ड से ग्रेजुएशन और 2003 में ‘इन्स ऑफ कोर्ट स्कूल ऑफ लॉ’ से बैरिस्टर की पढ़ाई पूरी की। राजनीति में आने से पहले शबाना एक बैरिस्टर के रूप में काम करती थीं।
शबाना महमूद सामने नई चुनौती
ब्रिटेन की नई गृह मंत्री शबाना महमूद अब प्रवासी, सीमा सुरक्षा, पुलिसिंग और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसी अहम जिम्मेदारियां संभालेंगी। उनकी नियुक्ति को यूके में विविधता और अल्पसंख्यक शक्ति का प्रतीक माना जा रहा है, जबकि कुछ आलोचक उनके मूल और राजनीतिक रुख पर सवाल उठा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर छिड़ी नई बहस
शबाना महमूद की गृह मंत्री नियुक्ति ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। कई लोग इसे अल्पसंख्यकों की राजनीतिक ताकत बढ़ने का संकेत मान रहे हैं, तो कुछ उनके कड़े इमिग्रेशन रुख और फिलिस्तीन समर्थक नजरिए को लेकर चिंतित हैं। पाकिस्तान में उनकी नियुक्ति पर खुशी की लहर है।
किसे मिला विदेश मंत्रालय?
ब्रिटेन की नई गृह मंत्री शबाना महमूद अब अवैध प्रवास, छोटी नावों से सीमा पार और शरणार्थियों जैसे संवेदनशील मामलों को संभालेंगी। इसी बीच, डेविड लैमी को उप-प्रधानमंत्री और यवेट कूपर को विदेश मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है।
ब्रिटिश पत्रकार टॉमी रॉबिन्सन ने साझा किया वीडियो
ब्रिटिश पत्रकार टॉमी रॉबिन्सन ने वीडियो साझा किया, जिसमें शबाना महमूद के गृह मंत्री बनने का जिक्र है। वीडियो में कहा गया कि उनके जिम्मे अब आव्रजन और सीमाओं का प्रभार होगा, और कुछ लोगों ने उनके धार्मिक दृष्टिकोण और लेबर पार्टी के प्रति रुख को लेकर चिंता जताई है।




