नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यूक्रेन दौरा अब खत्म हो चुका है। इस दौरे पर पूरी दुनिया की नजर थी। पीएम मोदी के यूक्रेन दौरे ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया में खूब सुर्खियां बटोरी हैं। इसके ना केवल यूक्रेन बल्कि रूसी मीडिया ने भी पीएम मोदी के यूक्रेन दौरे को प्रमुखता से कवरेज दी है। पीएम मोदी यूक्रेन की आजादी के बाद वहां जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं।
44 दिन पहले पीएम मोदी रूस के दौरे पर थे
बता दें कि, पीएम मोदी यूक्रेन दौरे से ठीक 44 दिन पहले 9 जुलाई को रूस के दौरे पर थे। वहां जब पीएम मोदी ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन को गले लगाया था। तब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इसकी कड़ी आलोचना की थी। अब जब पीएम मोदी यूक्रेन के दौरे पर गए हैं। तब उन्होंने जेलेंस्की को गले लगाकर उनके कंधे पर हाथ रखा।
भारत कभी जंग में तटस्थ नहीं रहा- पीएम मोदी
यहां पर पीएम मोदी ने जेलेंस्की से बातचीत करते हुए कहा कि भारत जंग में कभी तटस्थ नहीं रहा है। हम पहले दिन से ही शांति के पक्षधर रहे हैं। हम बुद्ध की धरती से यहां आए हैं। जहां युद्ध के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि हम महात्मा गांधी के धरती से हैं जिन्होंने पूरी दुनिया को शांति का संदेश दिया। इस दौरान पीएम ने यूक्रेन के राष्ट्रपति को भारत आने का न्योता दिया।
पीएम मोदी के यूक्रेन दौरे को लेकर विदेशी मीडिया ने क्या कहा ?
पीएम मोदी के यूक्रेन दौरे को BBC ने प्रमुखता से जगह दी है। BBC ने लिखा कि पीएम मोदी का दौरा कूटनीतिक संतुलन का परीक्षण है। भारत के प्रधानमंत्री का यह दौरा रूसी राष्ट्रपति पुतिन से हालिया मुलाकात के बाद हो रहा है। मोदी का कीव दौरा पश्चिम को शांत करने की कोशिश हो सकता है। यह भारत की स्वतंत्र और संतुलित विदेश नीति का भी प्रतिक है।
The New York Times ने पीएम मोदी की सराहना की
इसके अलावा अमेरिका के प्रमुख अखबार The New York Times ने भी पीएम मोदी के यूक्रेन दौरे की सराहना की है। The New York Times लिखता है कि भारतीय नेता का यह दौरा, यूक्रेन कीटनीति की दिशा में एक कदम है। अखबार आगे लिखता है कि पीएम मोदी रूस और यूक्रेन दोनों के साथ अपने संबंधों को सावधानी पूर्वक संभाल रहे हैं।
The Guardian ने दौरे को ऐतिहासिक बताया
वहीं The Guardian ने पीएम मोदी के यूक्रेन दौरे को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की स्वतंत्रता के बाद पहली बार यूक्रेन का दौरा किया। उसने आगे लिखा कि सोवियत संघ विघटन के बाद 1991 में आजाद हुए यूक्रेन में यह किसी भारतीय नेता की पहली यूक्रेन यात्रा है।




