नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बांग्लादेश में 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव के बाद मतगणना जारी है और तारिक रहमान की अगुवाई वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पार्टी 209 सीटों पर जीत के साथ दो-तिहाई बहुमत के करीब पहुंच गई है। पार्टी नेताओं का कहना है कि शपथ ग्रहण समारोह 14 फरवरी को हो सकता है।
कौन हैं तारिक रहमान?
तारिक रहमान का जन्म 20 नवंबर 1965 को ढाका में हुआ था। वे पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया और पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान के बेटे हैं। 1990 में उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा और 2001 से 2007 के बीच पार्टी में बेहद प्रभावशाली नेता बन गए। पर्दे के पीछे से रणनीति बनाने की वजह से उन्हें “डार्क प्रिंस” के नाम से भी जाना जाता है।
शिक्षा और राजनीतिक सफर
तारिक रहमान की शिक्षा को लेकर अक्सर चर्चा होती रही है। राजनीति में आने से पहले उन्होंने पढ़ाई पूरी करने के बाद पार्टी संगठन में काम शुरू किया। लंबे समय तक वे बीएनपी की रणनीति तय करने वाले नेताओं में शामिल रहे और अब पार्टी के अध्यक्ष के तौर पर चुनाव अभियान का नेतृत्व किया। अगस्त 2024 में छात्र आंदोलनों के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी। इस चुनाव में उनकी पार्टी मुकाबले से लगभग बाहर रही, जिसके बाद मुख्य मुकाबला बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी गठबंधन के बीच रहा। ढाका-11 सीट से नाहिद इस्लाम ने करीब 2 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें 93,872 वोट मिले, जबकि बीएनपी उम्मीदवार एमए कयूम को 91,833 वोट हासिल हुए। जमात-ए-इस्लामी और उसके सहयोगियों को करीब 68 सीटें मिलने की खबर है। बीएनपी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर समर्थकों से जश्न की रैलियां न निकालने की अपील की है। पार्टी का कहना है कि देश में शांति और स्थिरता बनाए रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता है।





