नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। रूस-यूक्रेन जंग को लगभग ढाई साल हो चुके हैं लेकिन दोनों में से कोई भी देश झुकने को तैयार नहीं है। सोमवार सुबह खबर आई कि यूक्रेन ने रूस की बहुमंजिला इमारत पर ड्रोन हमला किया है। मॉस्को के गवर्नर के दावे के मुताबिक यूक्रेन की ओर से इमारत पर 20 ड्रोन दागे गए हैं जिसमें 4 लोगों के घायल होने की खबर सामने आ रही है।
मॉस्को के गवर्नर बड़ा बयान
38 मंजिला इमारत पर हुए हमले के बाद मॉस्को प्रशासन हरकत में आ गया है। मॉस्को के गवर्नर ने इस हमले का आरोप यूक्रेन पर लगाते हुए बताया कि यूक्रेन ने इस हमले को अंजाम दिया है। इस हमले में इमारत के बड़े हिस्से को नुकसान पहुंचा है। साथ ही कुल मिलाकर 4 लोग घायल हुए हैं जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। न सिर्फ इतना बल्कि इमारत के नीचे खड़ी 20 गाड़ियों को भी गहरी क्षति पहुंची है। हमले के बाद सभी उड़ानों पर रोक लगा दी गई है।
स्ट्रैटेजिक बॉम्बर मिलिट्री बेस है यूक्रेन का निशाना?
यूक्रेन बीते 20 दिनों से रूस पर बेहद हमलावर है जिसमें अबतक रूस के 31 नागरिकों की जान जा चुकी है। इसी कड़ी में रूस ये आरोप लगा रहा है कि यूक्रेन एंगेल्स में स्थित स्ट्रैटेजिक बॉम्बर मिलिट्री बेस को निशाना बना रहा है। यह पहली बार नहीं है कि यूक्रेन ने इस इमारत पर हमला किया हो, इससे पहले भी यूक्रेन इस इमारत को निशाना बना चुका है।
9/11 हमला दोहराने की थी साजिश
रूस ने इस हमले की तुलना 11 सितंबर 2001 को हुए वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए हमले से की है। रूस का कहना है कि अमेरिका में भी आतंकियों ने इसी प्रकार हवाई हमला किया था। उस हमले में 3 हजार लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा था।




