नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। शनिवार को सोशल मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम (telegram) के संस्थापक और CEO पावेल डुरोव (Pavel Durov) को फ्रांस की धरती पर कदम रखते ही फ्रांस की पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पावेल डुरोव (Pavel Durov) को पेरिस के बॉर्गेट हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया। जिसके बाद से पूरी दुनिया में पावेल डुरोव को लेकर चर्चा हो रही है कि आखिर उन्हें क्यों गिरफ्तार किया गया। हम बताते हैं कि आखिर क्यों टेलीग्राम के संस्थापक को गिरफ्तार किया गया।
टेलीग्राम पर आपराधिक गतिविधियां बेरोकटोक चलने का आरोप
दरअसल पावेल डुरोव (Pavel Durov) की गिरफ्तारी का मुख्य कारण उनके मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम पर बेरोकटोक चल रही आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने में नाकाम रहना है। फ्रांसीसी पुलिस का कहना है कि telegram पर धोखाधड़ी, ड्रग्स की तस्करी, आतंकवाद, ऑर्गनाइज्ड क्राइम और साइबर बुलिंग जैसी आपराधिक गतिविधिया बिना रोकटोक के चलती हैं। हालांकि पावेल डुरोव (Pavel Durov) ने पुलिस के इन आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा है कि इन आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।
टेलीग्राम की तरफ से आई प्रतिक्रिया
इस मामले में telegram की तरफ से भी प्रतिक्रिया आई है। telegram का कहना है कि पावेल डुरोव को कुछ भी छिपाने की आवश्यकता नहीं है। टेलीग्राम दुनिया भर में लगभग 1 अरब लोगों के द्वारा इस्तेमाल किया जाता है। हम यूरोपीय संघ के नियम और कानूनों का पूर्णत: पालन करते हैं। वहीं टेलीग्राम के CEO पावेल डुरोव ने टेलीग्राम को न्यूट्रल प्लेटफॉर्म के रूप में इसकी स्वतंत्रता और गोपनीयता की अपील की है।
कौन हैं पावेल डुरोव ?
पावेल डुरोव (Pavel Durov) का जन्म रूस में हुआ है। 39 वर्षीय डुरोव की संपत्ति फोर्ब्स ने 15.5 बिलियन डॉलर आंकी है। रूस में उनकी सोशल नेटवर्किंग साइट VK या VKontakte पर रूस की सरकार ने लगाम लगाने की कोशिश की और विपक्षी समूहों को बंद करने के लिए कहा था। जिसका पावेल डुरोव ने इनकार कर दिया और कुछ समय बाद उन्होंने रूस छोड़ दिया। साल 2013 में उन्होंने अपने भाई निकोलाई के साथ telegram की स्थापना की। डुरोव को साल 2021 में फ्रांस की नागरिकता प्रदान की गई। उन्होंने 2017 में खुद को और telegram को दुबई में शिफ्ट कर दिया।
telegram है फ्री सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म
फेसबुक, इंस्टाग्राम और टिकटॉक जैसा ही telegram भी एक तरह का फ्री सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है। इसका इस्तेमाल भारत में भी भरपूर किया जाता है। प्ले स्टोर पर टेलीग्राम 1 बिलियन से ज्यादा डाउनलोड्स और 41.4 मिलियन रिव्यू के साथ 4.2 स्टार रेटिंग प्राप्त करने वाला ऐप है।




