नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बॉलीवुड और इंडियन म्यूजिक इंडस्ट्री के सबसे चर्चित और ऑस्कर विजेता AR रहमान हाल ही में चर्चा में हैं। बीबीसी एशियन नेटवर्क को दिए इंटरव्यू में उन्होंने अपने हिंदी फिल्म करियर और इंडस्ट्री में हुए बदलाव पर खुलकर बात की। रहमान ने बताया कि उन्हें हिंदी फिल्मों में खुद को कम्फर्टेबल करने में 7 साल का वक्त लगा, लेकिन पिछले 8 सालों में उन्हें कम काम मिलने लगा। इसका कारण उन्होंने इंडस्ट्री में हुए पावर शिफ्ट को बताया।
क्रिएटिव न होने वालों के हाथ में पावर
AR रहमान ने कहा, “पिछले 8 साल में ऐसा पावर शिफ्ट हुआ है कि अब इंडस्ट्री में फैसले लेने वाले लोग क्रिएटिव नहीं हैं। ये बदलाव मेरे करियर पर असर डाल रहा है। मुझे लगता है कि ये शायद कोई कम्युनल या सांस्कृतिक कारण भी हो सकते हैं, लेकिन मेरे सामने ऐसा महसूस हुआ।” उन्होंने यह भी बताया कि कुछ म्यूजिक कंपनियों ने अपने पांच नए कंपोज़र हायर कर लिए, जिससे उन्हें अपने परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिला। इस बयान के बाद इंडस्ट्री और सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई।
करियर और नई चुनौतियां
रहमान ने स्वीकार किया कि इस बदलाव के कारण उन्हें बड़े प्रोजेक्ट्स में उतना अवसर नहीं मिला जितना पहले मिलता था। हालांकि, वे अभी भी बड़ी फिल्मों के लिए म्यूजिक कंपोज कर रहे हैं। खासकर रामायण जैसी महत्वाकांक्षी फिल्मों में रहमान के म्यूजिक की उम्मीदें काफी ज्यादा हैं। इस फिल्म का बजट 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है और इसमें रणबीर कपूर मुख्य भूमिका में हैं।
रामायण पर रहमान का नजरिया
बीबीसी से बातचीत में रहमान ने रामायण की पढ़ाई और उससे मिली सीख का जिक्र भी किया। वे बताते हैं कि उन्होंने ब्राह्मण स्कूल में पढ़ाई की, जहां रामायण और महाभारत से नैतिक और सांस्कृतिक शिक्षा दी जाती थी। उन्होंने कहा, फिल्म की कहानी ऊंचे आदर्शों और मूल्यों के बारे में है। लोग सवाल कर सकते हैं, लेकिन मैं इन सभी अच्छी बातों को महत्व देता हूं और इससे सीख लेता हूं।
विवादित बयान पर प्रतिक्रिया
AR रहमान का यह बयान इंडस्ट्री में क्रिएटिव बनाम गैर-क्रिएटिव फैसले लेने वालों को लेकर विवादित माना जा रहा है। फैन्स और विशेषज्ञ इस पावर शिफ्ट की वजह और उसके प्रभाव पर चर्चा कर रहे हैं। हालांकि, रहमान ने स्पष्ट किया कि उनका इरादा किसी पर आरोप लगाने का नहीं है, बल्कि उन्होंने केवल अपने अनुभव और इंडस्ट्री में बदलाव के असर को साझा किया।




