नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ को सिनेमाघरों तक पहुंचने से पहले कई विवादों और कानूनी अड़चनों का सामना करना पड़ा। फिल्म की विषयवस्तु को लेकर कोर्ट में याचिका भी दायर हुई, जिससे इसकी रिलीज टल गई थी। हालांकि अब फिल्म रिलीज हो चुकी है, लेकिन पहले दिन दर्शकों की उम्मीद के मुताबिक प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन बेहद कमजोर रहा।
क्या रहा पहले दिन का कलेक्शन ?
फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ विवादों में आने के बावजूद भी रिलीज के पहले पहले दिन दर्शकों को ज्यादा प्रभावित नहीं कर पायी। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘उदयपुर फाइल्स’ ने भारत में पहले दिन महज 14 लाख रुपये की कमाई के साथ धीमी शुरुआत की है। वर्ल्डवाइड कलेक्शन को मिलाकर कुल आंकड़ा भी केवल 15 लाख रुपये तक ही पहुंच पाया है, जो उम्मीद से काफी कम है।
फिल्म की क्या है कहानी ?
फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ की कहानी साल 2022 में राजस्थान के उदयपुर में हुई एक सनसनीखेज घटना पर आधारित है। यह कहानी दर्जी कन्हैया लाल की है, जिनकी हत्या जून 2022 में कथित तौर पर मोहम्मद रियाज और मोहम्मद गौस ने की थी। उस समय यह मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बना था। फिल्म में कन्हैया लाल की भूमिका अभिनेता विजय राज ने निभाई है।
फिल्म को लेकर क्यों हुआ विवाद ?
‘उदयपुर फाइल्स’ अपनी रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई थी। फिल्म के खिलाफ कोर्ट में एक याचिका दायर की गई थी, जिसकी वजह से इसकी रिलीज टाल दी गई। यह याचिका मोहम्मद जावेद ने दायर की थी, जो कन्हैया लाल हत्याकांड का आठवां आरोपी है। याचिकाकर्ता का कहना था कि फिल्म का ट्रेलर और प्रचार-प्रसार सांप्रदायिक तनाव को बढ़ावा दे सकता है, जिससे न केवल समाज में अशांति फैल सकती है, बल्कि उसके केस की निष्पक्ष सुनवाई भी प्रभावित हो सकती है। लंबी सुनवाई के बाद कोर्ट ने आखिरकार फिल्म को रिलीज की अनुमति दी।




